सक्ती के मिरौनी में शिक्षक पर बेड टच और लापरवाही के आरोप, कलेक्टर और DEO से लिखित शिकायत

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले की ग्राम मिरौनी में पदस्थ एक शिक्षक पर बेड टच का आरोप लगा है। चंद्रपुर तहसील के नवीन शासकीय प्राथमिक शाला में पढ़ने वाली 5वीं की बच्ची ने आरोप लगाया है कि कॉपी चेक कराने के समय टीचर गंदे तरीके से छूते हैं और महिला सफाईकर्मी के साथ बाथरुम में घुसे रहते हैं। बच्ची के परिवार वालों ने कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) से लिखित शिकायत की है।
जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है। शिक्षक कैलाश पटेल की कार्यशैली और आचरण को लेकर ग्रामीणों एवं पालकों ने कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत की है। शिकायत में शिक्षक पर बच्चों की पढ़ाई के प्रति लापरवाही बरतने, स्कूल समय में मोबाइल फोन में व्यस्त रहने और विद्यार्थियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार करने सहित कई आरोप लगाए गए हैं।
मामले में कक्षा 5वीं की एक छात्रा ने शिक्षक पर कॉपी चेक कराने के दौरान उसे कथित रूप से अनुचित तरीके से छूने का आरोप भी लगाया है। इस आरोप की फिलहाल स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों और पालकों ने मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच कराने की मांग की है।
बच्चों को पढ़ाने के बजाय मोबाइल चलाने का आरोप शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि शिक्षक कैलाश पटेल स्कूल में बच्चों की पढ़ाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं देते और विद्यालयीन समय में अक्सर मोबाइल फोन में व्यस्त रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक के इस रवैये से स्कूल की अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शिकायत में विद्यालय में पदस्थ स्वीपर महिला के साथ शिक्षक के कथित अनुचित व्यवहार को लेकर भी आपत्ति जताई गई है। ग्रामीणों ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जानी चाहिए।
5वीं की छात्रा ने अनुचित स्पर्श का आरोप लगाया मामले का सबसे गंभीर आरोप कक्षा 5वीं की एक छात्रा से जुड़ा है। छात्रा के अनुसार, शिक्षक पढ़ाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं देते हैं। उसका आरोप है कि जब वह कॉपी चेक कराने के लिए शिक्षक के पास गई तो उसे कथित रूप से गलत तरीके से छुआ गया। छात्रा ने बताया टीचर सफाई करने वाली महिला के साथ ऑफिस और बाथरूम में जाते हैं और हम जब पढ़ाने को कहते हैं तो हमें डाट देते हैं। पढ़ाई के टाइम पर मोबाइल चलाते हैं। छात्रा द्वारा लगाए गए इस आरोप को देखते हुए मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है। हालांकि, आरोप की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। ऐसे में संबंधित पक्षों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रसोइया बोली- बच्चे पढ़ाने के लिए कहते हैं तो फटकार लगती है विद्यालय में कार्यरत रसोइया चंद्राबाई चौहान ने भी शिक्षक पर बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिक्षक अक्सर मोबाइल चलाते रहते हैं। रसोइया के अनुसार, शिक्षक और स्वीपर महिला के एक साथ बैठे रहने को लेकर बच्चे भी उनसे अपनी बातें बताते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब बच्चे शिक्षक से पढ़ाने के लिए कहते हैं तो उन्हें फटकार लगाई जाती है।
डोमनपुर में भी शिकायत होने का ग्रामीणों का दावा ग्रामीणों ने शिकायत पत्र में शिक्षक की पूर्व पदस्थापना का भी उल्लेख किया है। उनका दावा है कि कैलाश पटेल पहले शासकीय प्राथमिक शाला डोमनपुर में पदस्थ थे। वहां भी उनके आचरण को लेकर ग्रामीणों की ओर से शिकायत की गई थी। ग्रामीणों का दावा है कि इसके बाद उनका स्थानांतरण किया गया था। इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूर्व शिकायत और स्थानांतरण से जुड़े तथ्यों की भी जांच करने की मांग की है।
कलेक्टर और DEO से जांच की मांग ग्रामीणों और पालकों ने कलेक्टर तथा जिला शिक्षा अधिकारी से मामले की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जरूरत के अनुसार शिक्षक, छात्रा, पालकों और स्कूल से जुड़े अन्य लोगों के बयान लिए जाएं, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। उन्होंने मांग की है कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
डीईओ बोलीं- जांच कराई जाएगी जिला शिक्षा अधिकारी सक्ती कुमुदिनी द्विवेदी ने कहा, बच्चों से अभद्रता की शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










