पटपरा राशन गबन मामले में अध्यक्ष-सचिव और विक्रेता पर FIR: 562 कार्डधारियों के अंगूठे लेकर नहीं बांटा राशन; इधर IG ने जनसुनवाई पर जोर दिया – Korba News
कोरबा के पाली में शासकीय उचित मूल्य दुकान पटपरा में खाद्यान्न गबन मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और अनुविभागीय दण्डाधिकारी पाली ने इस संबंध में तत्काल आपराधिक केस दर्ज कराने का आदेश दिया है। संबंधित संस्था के पदाधिकारियों के खिलाफ पुलिस थाना पाली में प्रथम सूचना प्रतिवेदन (FIR) दर्ज कराई जाएगी। विकासखंड पाली के अंतर्गत ग्राम पंचायत पटपरा की उचित मूल्य दुकान के संचालन में गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं। जांच में यह तथ्य सामने आया कि महिला जागृति स्व सहायता समूह भोड़कछार संचालित इस दुकान में जनवरी 2026 के वितरण रिकॉर्ड में हेराफेरी की गई थी। पटवारी की आकस्मिक जांच में पाया गया कि समूह ने 562 कार्डधारियों के अंगूठे के निशान और हस्ताक्षर तो ले लिए थे, लेकिन वास्तव में 400 से अधिक हितग्राहियों को राशन का वितरण नहीं किया गया। चावल वितरण में गड़बड़ी और स्टॉक में कमी उजागर इसके अलावा मार्च 2026 के आवंटन में से भी 154 क्विंटल चावल का वितरण नहीं किया गया। भौतिक सत्यापन में 50 किलो चावल स्टॉक में कम पाया गया। समूह की ओर से जांच दल को स्टॉक से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए, जो सीधे तौर पर गबन और आर्थिक अनियमितता की ओर संकेत करता है। गबन के लिए जिम्मेदारों पर कानूनी कार्रवाई शुरू इस गबन के लिए तत्कालीन दुकान संचालक संस्था ‘महिला जागृति स्व सहायता समूह भोड़कछार’ की अध्यक्ष कांति बाई, सचिव अनिता और विक्रेता रविंद्र कुमार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया गया है। इन सभी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 की विभिन्न कंडिकाओं और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के उल्लंघन के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। आईजी गर्ग ने कोरबा पुलिस का वार्षिक निरीक्षण किया बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रामगोपाल गर्ग ने कोरबा जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन में परेड का निरीक्षण किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। आईजी ने लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए, साथ ही ‘सशक्त ऐप’ और ‘अनुभव क्यूआर कोड’ के माध्यम से नागरिक फीडबैक पर भी जोर दिया।
आईजी ने बालको थाना का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बीट प्रणाली को मजबूत करने, शस्त्रागार भवन का लोकार्पण करने, अपराधों के त्वरित निराकरण, ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और ‘अनुभव क्यूआर कोड’ के जरिए लोगों से फीडबैक लेने जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा की। सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन रामगोपाल गर्ग ने पुलिस दरबार का आयोजन कर कर्मचारियों की समस्याओं और पुलिस व्यवस्था से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान कुछ कर्मचारियों ने भविष्य निधि (पीएफ) और अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित मामलों में देरी की शिकायतें कीं। आईजी ने इन शिकायतों की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया। दरबार में कई कर्मचारियों ने अपनी पारिवारिक समस्याएं भी रखीं, जिनके समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया गया। आईजी ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का प्रयास किया जाएगा। कैंटीन में सुधार पर चर्चा वाहन व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। जिन थानों में चार पहिया वाहन उपलब्ध नहीं हैं, वहां जल्द ही इनकी व्यवस्था की जाएगी। दोपहिया वाहनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। आईजी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कुछ वाहनों में कमियां पाई गईं, जिन्हें सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस लाइन स्थित कैंटीन में सुधार पर भी चर्चा हुई। आईजी ने कहा कि कैंटीन की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। एफआईआर की नियमित समीक्षा करने के निर्देश जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए शिकायतों और दर्ज एफआईआर की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। आईजी ने जोर देकर कहा कि “पुलिस और डॉक्टर के पास आदमी मजबूरी में जाता है, इसलिए उनकी बात सुनना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।”
<











