दुर्ग में टीचर ने स्टूडेंट्स के प्राइवेट पार्ट पर मारा: स्कूल में मोबाइल लाने पर वाइस-प्रिंसिपल के केबिन में छात्रों को लाठी-डंडे से पीटा,FIR दर्ज – durg-bhilai News
छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय बोरई में मोबाइल रखने पर शिक्षकों ने मिलकर 8 से 9 स्टूडेंट्स की जमकर पिटाई कर दी। इस पिटाई में बच्चों को अंदरूनी चोटें भी लगीं। एक स्टूडेंट्स के प्राइवेट पार्ट पर टीचर ने लात मारी है। छात्र के पिता की शिकायत पर पुलगांव थाना में आरोपी शिक्षकों पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। नवोदय विद्यालय बोरई के जिन छात्रों के साथ मारपीट की बात सामने आ रही है, उसमें कक्षा 10वीं से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थी शामिल हैं। पास में मोबाइल रखने की बात को लेकर पीटा
पिता डोमन देशलहरा ने पुलिस को बताया कि बेटे ने फोन पर बताया कि मोबाइल रखने की बात पर उसे और उसके साथियों को वाइस प्रिंसिपल के कमरे में शिक्षक पीयूष कुमार और पीटी टीचर रविशंकर मंडलोई ने बुलाकर बेरहमी से पिटाई की है। अगले दिन पिता को दी जानकारी
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना 21 फरवरी शनिवार की है। पिटाई के बाद स्टूडेंट्स ने घर में 22 फरवरी की रात करीब 10 बजे फोनकर जानकारी दी। छात्र के अनुसार, 21 फरवरी को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच मोबाइल अपने पास रखने की बात को लेकर उसे पहले प्रिंसिपल ऑफिस में मोबाइल जमा कराने को कहा गया। इसके बाद वाइस प्रिंसिपल के केबिन में बुलाकर लकड़ी के डंडे, हाथ-मुक्के और लात से मारपीट की गई। पीटी टीचर ने प्राइवेट पार्ट में मारी लात, सूजन आई छात्रों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पीटी शिक्षक रविशंकर मंडलोई ने जूता पहनकर एक छात्र के प्राइवेट पार्ट पर लात मारी। इससे उसके प्राइवेट पार्ट और जांघ में सूजन और दर्द हो गया। इसके अलावा, 10 अन्य छात्रों को पीटने का भी आरोप है। 23 फरवरी को दोपहर 1:30 बजे जब छात्र के पिता विद्यालय पहुंचे और प्रिंसिपल शंकर प्रसाद से पूछा, तो उन्होंने घटना की जानकारी होने से इनकार किया। परिजनों ने कहा कि बिना अनुमति मोबाइल रखने पर छात्रों को हाथ-मुक्कों, लात-घूंसों और डंडे से पीटना गलत है। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान शिक्षक ने गालियां दीं। पुलिस ने किया दोनों को गिरफ्तार छात्रों से मारपीट की शिकायत परिजनों ने नगपुरा पुलिस चौकी में की थी। इनकी शिकायत के बाद थाना पुलगांव में पोस्ट ग्रजुएट टीचर पीयूष कुमार (41) और पीटी टीचर रविशंकर मंडलोई (54) को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित छात्र के पिता ने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है।
<











