मरवाही में अवैध रेत भंडारण सील, 2 ट्रैक्टर जब्त: सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर खनिज विभाग ने की कार्रवाई, दो ट्रैक्टर जब्त – Gaurela News
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर खनिज विभाग ने सीएम हेल्पलाइन में मिली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मरवाही के सिवनी चौक स्थित अवैध रेत भंडारण स्थल को सील कर दिया। विभाग ने अवैध रेत परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर भी जब्त किए हैं। खनिज विभाग के अनुसार, सिवनी चौक में बिना अनुमति रेत भंडारण की शिकायत सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से मिली थी। इसके बाद 15 जुलाई को संबंधित भंडारणकर्ता को नोटिस जारी कर वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। शिकायत के बाद सील किया गया भंडारण स्थल निर्धारित समय में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन तथा भंडारण) नियम 2009 के तहत भंडारण स्थल को सील कर दिया गया। अवैध परिवहन करते दो ट्रैक्टर जब्त कार्रवाई के दौरान मरवाही क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर जब्त कर मरवाही थाने की अभिरक्षा में रखा गया। वहीं पिपरिया क्षेत्र से मिली शिकायत पर कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग ने एक अन्य ट्रैक्टर भी जब्त किया। वैधानिक कार्रवाई जारी विभाग ने बताया कि जब्त वाहनों और अवैध भंडारणकर्ता के खिलाफ खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत कार्रवाई की जा रही है। नियमानुसार अर्थदंड की राशि जमा होने के बाद ही प्रकरण का अंतिम निराकरण किया जाएगा। शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link











