विज्ञापन दें / सहयोग करें

बस्तर की माओवादी फैक्ट्री में तैयार मानव हथियार लौटे, झारखंड के 49 लाख के इनामी आठ कैडरों ने किया समर्पण

अनिमेष पाल, नईदुनिया, जगदलपुर। कभी बस्तर के गंगालूर और अबूझमाड़ के जंगल भाकपा (माओवादी) की सबसे बड़ी माओवादी फैक्ट्री माने जाते थे। यहीं संगठन के मोबाइल पालिटिकल स्कूल (मोपास) में स्थानीय युवाओं को गुरिल्ला युद्ध, हथियार संचालन और बारूदी सुरंग बिछाने का प्रशिक्षण देकर झारखंड, ओडिशा, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश भेजा जाता था। अब वही नेटवर्क बिखरने लगा है।

बुधवार को झारखंड में सक्रिय 49 लाख रुपए के इनामी आठ माओवादियों ने बीजापुर में आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें दो डीवीसीएम (डिवीजनल कमेटी सदस्य) समेत चार ऐसे कैडर शामिल हैं, जिन्होंने कभी गंगालूर क्षेत्र में प्रशिक्षण लिया था। सुरक्षा एजेंसियां इसे बस्तर में माओवादी ढांचे के ध्वस्त होने का बड़ा संकेत मान रही हैं।

पुलिस के अनुसार पांच महिला और तीन पुरुष समेत सभी आठ माओवादी झारखंड की दक्षिण जोनल कमेटी, सरांडा सब-जोनल कमेटी और कोल्हान एरिया कमेटी में सक्रिय थे। इनमें दो डीवीसीएम, एक जोनल कमेटी सदस्य (जेडसीएम), तीन एरिया कमेटी सदस्य (एसीएम) और दो पार्टी सदस्य शामिल हैं।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार यह आत्मसमर्पण झारखंड के गिरिडीह में भाकपा (माओवादी) के एक करोड़ रुपए के इनामी पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा की गिरफ्तारी के तुरंत बाद हुआ है। संयुक्त आपरेशन में उसके साथ 15 लाख रुपए के इनामी रीजनल कमेटी सदस्य मेहनत उर्फ मोछू और गौरव उर्फ सौरभ भी पकड़े गए थे।

महासचिव बसव राजू के मारे जाने के बाद भाकपा माओवादी के वैचारिक संगठन सेंट्रल रिजनल ब्यूरो(सीआरबी) प्रभारी भूपति और सैन्य प्रमुख देवजी के समर्पण के बाद बेसरा केंद्रीय नेतृत्व का सबसे प्रभावशाली चेहरा रह गया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद संगठन की केंद्रीय कमान लगभग ध्वस्त मानी जा रही है, जिससे विभिन्न राज्यों में सक्रिय कैडरों का मनोबल तेजी से टूटा है।

बीजापुर एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि समर्पित माओवादियों को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आर्थिक सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, आवास, शिक्षा और स्वरोजगार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

माओवादी फैक्ट्री से निकले थे चार कैडर

समर्पण करने वालों में डीवीसीएम सीमा मुंडा और अनिता मुंडा (15-15 लाख रुपए), जेडसीएम सुंदरी उर्फ सुनीता (8 लाख रुपए), एसीएम गुरुचरण लोमगा और रीना मुंडा (3-3 लाख रुपए), एसीएम सोनी पूर्ति (2 लाख रुपए), जबकि पार्टी सदस्य सीता हेम्ब्रम (2 लाख रुपए) और अर्चना सोय (1 लाख रुपए) शामिल हैं। इनमें दो डीवीसीएम समेत चार कैडर कभी गंगालूर क्षेत्र में सक्रिय रहे, जिसे सुरक्षा एजेंसियां माओवादी फैक्ट्री के रूप में चिन्हित करती हैं। सभी आठ माओवादियों पर कुल 49 लाख रुपए का इनाम घोषित था।

naidunia_image

बचपन के हाथों से किताब छीनकर थमाते थे हथियार

वर्ष 2004 में पीपुल्स वार ग्रुप और माओवादी कम्युनिस्ट सेंटर के विलय के बाद तत्कालीन महासचिव गणपति ने बस्तर को संगठन का सबसे बड़ा सैन्य प्रशिक्षण केंद्र बनाया। यहां कम उम्र में युवाओं को गुरिल्ला युद्ध, हथियार संचालन और बारूदी सुरंग बिछाने का प्रशिक्षण देकर मानव हथियार बनाया जाता था। अबूझमाड़ और दक्षिण बस्तर के जंगलों में तैयार इन कैडरों को झारखंड, ओडिशा, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश भेजा जाता था। देश की इकलौती पीएलजीए बटालियन भी यहीं गठित की गई थी, जिसकी कमान बाद में हिड़मा ने संभाली। लगातार मुठभेड़ों, गिरफ्तारियों और आत्मसमर्पण के बाद यही प्रशिक्षण तंत्र अब लगभग पूरी तरह बिखर चुका है।

naidunia_image

बस्तर में टूटी रीढ़, बिखर गया पूरा कारीडोर

2004 के बाद बस्तर भाकपा (माओवादी) का सबसे मजबूत आधार क्षेत्र बन गया था। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्च 2026 तक माओवादी हिंसा के समूल खात्मे के संकल्प के बाद चलाए गए अभियानों में वर्ष 2024 से अब तक महासचिव बसव राजू, केंद्रीय समिति सदस्य रामचंद्र रेड्डी और कोसा जैसे शीर्ष नेताओं के मारे जाने तथा भूपति, देवजी, रूपेश और सुजाता सहित तीन हजार से अधिक माओवादियों के आत्मसमर्पण से संगठन की सैन्य और वैचारिक क्षमता कमजोर हुई। सुरक्षा एजेंसियों का आकलन है कि बस्तर में संगठन की रीढ़ टूटने के बाद झारखंड, ओडिशा, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी उसका प्रभाव तेजी से घटा है।

आंकड़ों में माओवादी नेटवर्क का पतन

– 180 से शून्य जिले: वर्ष 2010 में 10 राज्यों के 180 प्रभावित जिलों का नेटवर्क अब एक भी पूर्ण प्रभावित जिले तक सीमित नहीं रहा।

– 97 प्रतिशत कम हिंसा: माओवादी हिंसा की घटनाओं में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।

– 95 प्रतिशत कम मौतें: नागरिकों और सुरक्षा बलों के बलिदान के मामलों में भारी कमी आई।

– 550 से अधिक माओवादी ढेर: वर्ष 2024 से अब तक अकेले बस्तर में।

– 3000 से अधिक समर्पण: बड़ी संख्या में माओवादी कैडर मुख्यधारा में लौटे।

– 155 से अधिक सुरक्षा कैंप: अबूझमाड़ समेत अंतिम गढ़ों तक सुरक्षा बलों की पहुंच बनने से माओवादियों की पकड़ लगातार कमजोर हुई।


Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button