विज्ञापन दें / सहयोग करें

हाई कोर्ट ने कहा: डीजे का शोर बंद करने संशोधित कानून बिना देरी लागू करे सरकार – Raipur News


हाई कोर्ट ने दो साल पहले भास्कर की खबर पर संज्ञान लेते हुए शुरू की थी सुनवाई

.

डीजे और साउंड सिस्टम के शोर से आम लोगों को हो रही परेशानियों को लेकर जनहित याचिका पर मंगलवार को सुनवाई हुई। इस दौरान चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की डिवीजन बेंच को राज्य सरकार की तरफ से बताया गया कि समिति ने कोलाहल अधिनियम 1985 और शोर प्रदूषण नियम 2000 में संशोधन की अनुशंसा की है।

इसे जल्द लागू कर दिया जाएगा। इस पर हाई कोर्ट ने राज्य सरकार से कहा है कि वह प्रस्तावित संशोधनों को बिना देरी लागू करे, ताकि आम जनता को बढ़ते शोर प्रदूषण से राहत मिल सके। अगली सुनवाई 22 सितंबर को होगी। दो साल पहले त्योहारों के दौरान डीजे के शोर से एक बच्चे की मौत हो गई थी।

जूना बिलासपुर के किलावार्ड क्षेत्र में रहने वाले सैकड़ों लोगों को कुछ दिन के लिए अपने रिश्तेदारों के यहां रहने जाना पड़ा था। इस समस्या को लेकर दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से खबरें प्रकाशित की थीं। हाई कोर्ट ने इस पर संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका के तौर पर सुनवाई शुरू की। इस मुद्दे पर हाई कोर्ट ने मुख्य सचिव से शपथ पत्र मांगा था।

सरकार ने माना- मौजूदा कानून में कमियां राज्य सरकार ने माना था कि वर्तमान नियमों में कई कमियां हैं। इसके बाद हाई कोर्ट के निर्देश पर राज्य सरकार ने 27 जनवरी 2025 को एक समिति बनाई थी, जिसे कोलाहल अधिनियम और शोर प्रदूषण नियमों का अध्ययन कर जरूरी संशोधन पर सुझाव देने थे।

समिति ने 13 अगस्त 2025 को अपनी रिपोर्ट दी और कानून विभाग से परामर्श कर कुछ महत्वपूर्ण बदलावों की सिफारिश की। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण मंडल ने भी प्रस्तावित संशोधनों पर सहमति जताई। अब यह प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है।

50 डेसिबल से ज्यादा शोर खतरनाक इधर, रायपुर निवासी ईएनटी डॉ. राकेश गुप्ता ने हाई कोर्ट में हस्तक्षेप याचिका प्रस्तुत की थी। बताया कि वर्तमान में शोर का मानक 50 डेसिबल है। एनआईटी रायपुर और एम्स की रिपोर्ट की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 50 डेसिबल से ऊपर की आवाज सीधे मानव स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि लगातार तेज आवाज से सुनने की क्षमता पर बुरा असर पड़ता है और मानसिक तनाव बढ़ता है।

त्योहारों में 95 से 110 डेसिबल तक शोर हाई कोर्ट को यह भी बताया गया कि हाल ही में हुए त्योहारों के दौरान डीजे संचालकों ने मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई। रायपुर और अन्य जिलों से मिली रिपोर्ट के मुताबिक डीजे के शोर का स्तर 95 से 110 डेसिबल तक रिकॉर्ड किया गया, जबकि निर्धारित सीमा 50 डेसिबल है। सीजे रमेश सिन्हा की बेंच ने कहा कि यह स्थिति न केवल कानून की अवहेलना है बल्कि नागरिकों के जीवन और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा भी है।

पुलिस ने कार्रवाई की फिर भी लापरवाही सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की तरफ से माना गया कि कुछ घटनाएं हुईं हैं, लेकिन इस पर कार्रवाई की जा रही है। कई जगह पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर डीजे मशीनें और साउंड सिस्टम जब्त किए हैं। इस पर हाई कोर्ट ने पूछा कि सवाल उठता है कि इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई। अगर लोग कानून से डरते ही नहीं तो इसका मतलब है कि मौजूदा नियम और व्यवस्था कमजोर है।

आम लोगों का पुलिस का विरोध करना दुखद

सीजे सिन्हा ने टिप्पणी की कि कानून तोड़ने वाले अक्सर भीड़ बनाकर पुलिस का विरोध करते हैं। दुखद यह है कि हादसे होने के बाद लोग सड़क पर शव रखकर मुआवजे की मांग करते हैं, जबकि खुद ही नियम तोड़ते हैं। हाई कोर्ट ने कहा कि यह स्थिति असहनीय है और जनता को भी कानून का पालन करने में सहयोग करना चाहिए।


Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button