विज्ञापन दें / सहयोग करें

स्काउट गाइड विवाद: सांसद बृजमोहन अग्रवाल की याचिका पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार से जवाब तलब

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा दायर याचिका पर गुरुवार को अहम सुनवाई हुई। कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए राज्य सरकार और अन्य संबंधित पक्षकारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इस मामले की अगली सुनवाई 12 फरवरी को निर्धारित की गई है। याचिका स्काउट गाइड संगठन के अध्यक्ष पद से जुड़े विवाद को लेकर दायर की गई है, जिसमें बृजमोहन अग्रवाल ने अपने पद से हटाए जाने की प्रक्रिया को असंवैधानिक बताया है।

बिना सूचना हटाने का आरोप

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने याचिका में कहा है कि उन्हें स्काउट गाइड के अध्यक्ष पद से हटाने का प्रस्ताव लाया गया, लेकिन इस संबंध में न तो कोई पूर्व सूचना दी गई और न ही उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया। उनके अनुसार, यह प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन है।

अध्यक्ष पद को लेकर दो दावेदार

इस विवाद की जड़ स्काउट गाइड के अध्यक्ष पद को लेकर है। एक ओर वर्तमान सांसद बृजमोहन अग्रवाल हैं, तो दूसरी ओर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव इस पद पर दावा कर रहे हैं। दोनों पक्षों के दावे के कारण संगठन में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

जंबूरी बैठक और अधिकारों का दावा

बृजमोहन अग्रवाल ने अपनी याचिका में उल्लेख किया है कि उन्होंने 5 जनवरी को सांसद और परिषद के वैधानिक अध्यक्ष के रूप में जंबूरी की बैठक ली थी। इसके बावजूद, उनके बिना जानकारी दिए आयोजन किए जा रहे हैं और कार्यक्रमों का स्थान बदला जा रहा है।

आर्थिक अनियमितता का आरोप

याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि करीब 10 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आने के बाद नवा रायपुर में प्रस्तावित आयोजन को रद्द कर दिया गया। इसके स्थान पर आयोजन बालोद में किए जाने की व्यवस्था की गई, जिसे बृजमोहन अग्रवाल ने नियमों के विरुद्ध बताया है।

एकतरफा कार्रवाई का आरोप

सांसद का कहना है कि वे लंबे समय से स्काउट गाइड के अध्यक्ष पद पर कार्य कर रहे हैं, फिर भी उन्हें अंधेरे में रखकर फैसले लिए जा रहे हैं। उनके अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया न केवल एकतरफा है, बल्कि संविधान और संगठन के नियमों के भी खिलाफ है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button