विज्ञापन दें / सहयोग करें

सुशासन तिहार: 40 दिन में लगे 1286 शिविर, आवेदन मिले 6.43 लाख, इनमें शिकायतें सिर्फ 26 हजार – Raipur News


प्रदेश में एक मई से शुरू हुए सुशासन तिहार का मंगलवार को समापन हो गया। 40 दिन तक चले इस अभियान में सरकार ने गांव-गांव पहुंचकर जनसमस्याओं पर सुनवाई के साथ योजनाओं की जमीनी हकीकत भी जांची।

.

पूरे अभियान के दौरान 33 जिलों में 1286 जन-समस्या समाधान शिविर लगे। इनमें 643334 आवेदन आए। इनमें 617111 आवेदन विभिन्न मांगों से जुड़े थे। वहीं मात्र 26223 आवेदन शिकायतों से जुड़े रहे।

शासन ने इन आवेदनों के समाधान के लिए अधिकतम एक माह की समय-सीमा तय की है। सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य जन-शिकायतों का त्वरित निराकरण, विकास कार्यों में तेजी लाना, जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करना और आम जनता से सीधे संवाद स्थापित करना था।

इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 ग्राम पंचायतों के क्लस्टर बनाकर शिविर लगाए गए, जबकि शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर आयोजन हुआ। शिविरों में मौके पर ही आवेदन स्वीकार किए गए और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। अभियान के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 33 समाधान शिविरों में भागीदारी की। इसके अलावा 12 आकस्मिक निरीक्षण किए।

महिला सशक्तिकरण और विकास पर फोकस महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए दंतेवाड़ा में आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना के तहत महिलाओं को टाटा मैजिक वाहन सौंपे गए। आरंग विकासखंड के कोसरंगी गांव में 50 महिलाओं को निशुल्क सिलाई मशीनें वितरित की गईं। इसके अलावा राजनांदगांव, कबीरधाम, गरियाबंद और दंतेवाड़ा समेत कई जिलों में सड़क, सिंचाई, पेयजल और अन्य आधारभूत विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए की घोषणाएं और स्वीकृतियां दी गईं।

30 दिन, 33 जिले और 6.17 लाख मांगे सुशासन तिहार-2026 के समापन के बाद अब असली परीक्षा छत्तीसगढ़ के 33 जिला प्रशासनों की है। अभियान में प्राप्त कुल 6.43 लाख आवेदनों में से 95.9% (617111 आवेदन) केवल जनता की मांगों और विकास कार्यों से जुड़े हैं। सरकार द्वारा तय 30 दिनों की समय-सीमा के भीतर इन्हें पूरा करने के लिए पूरे प्रशासनिक अमले को प्रतिदिन औसतन 20570 आवेदनों का निपटारा करना होगा।

यह केवल फाइलों को आगे बढ़ाने का काम नहीं, बल्कि धरातल पर डिलीवरी की कसौटी है। समयबद्ध समाधान ही इस पूरे अभियान की वास्तविक सफलता और प्रशासनिक दक्षता को तय करेगा।

सवाल: सुशासन तिहार में सबसे बड़ी चुनौती क्या लगी?

सीएम बोले: उम्मीद से ज्यादा अच्छा काम, जहां राशन लाने में लगते थे पांच दिन, अब गांव में ही दुकान

सुशासन तिहार के अनुभव साझा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि उन्हें उम्मीद से अधिक अच्छा प्रतिसाद मिला। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अब अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और इसका असर गांवों में स्पष्ट दिखाई दे रहा है। बस्तर के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी गई है।

सैकड़ों गांवों तक सड़क, बिजली, पेयजल, स्कूल, अस्पताल और मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। उन्होंने कहा कि पहले कई गांवों के लोगों को राशन लाने के लिए पांच दिन तक का समय लग जाता था, लेकिन अब उन्हीं गांवों में राशन दुकानें संचालित हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को लगातार पूरा किया जा रहा है।

किसानों को धान का बेहतर मूल्य मिल रहा है, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तेजी से मकानों का निर्माण हो रहा है और तेंदूपत्ता संग्राहकों की आय में भी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।

स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं पशुपालन, मत्स्य पालन, कृषि आधारित गतिविधियों और अन्य स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आय बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि लखपति दीदियों की संख्या बढ़ती जा रही है। अब कोई ड्रोन दीदी बन रही तो कोई स्कूटी दीदी बन रही है।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button