दंतेवाड़ा के जंगल में चल रहा लाखों का जुआ: तिरपाल तानकर हर दिन चलता है खेल, वीडियो भी आया सामने, पुलिस बोली– कार्रवाई करेंगे – Dantewada News
दंतेवाड़ा के जंगल में जुआ के बड़े नेटवर्क का मामला सामने आया है। यह जुआ घने जंगल के बीच खेला जा रहा है। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तिरपाल बांधकर बड़े पैमाने पर जुआ खेलते लोग नजर आ रहे हैं। दावा है कि यहां हर दिन लाखों रुपए का दांव लगाया जा रहा है। यह खेल पिछले कई दिनों से लगातार चल रहा है। पूरा मामला दंतेवाड़ा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, यह पूरा खेल जिला मुख्यालय से बेहद करीब डेगलरास इलाके के आसपास संचालित हो रहा है। जेलबाड़ी मुख्य सड़क से एक कच्ची पगडंडी जंगल की ओर जाती है और उसी के अंदर यह जुआ का फड़ चलता है। इसका वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि जंगल के बीच अस्थाई ढांचा तैयार कर बड़ी संख्या में लोग बैठकर जुआ खेल रहे हैं। पड़ोसी जिले के भी पहुंचते हैं जुआरी जानकारी के अनुसार, दंतेवाड़ा के अलावा गीदम, बचेली समेत पड़ोसी जिले बीजापुर और सुकमा से भी लोग यहां पहुंच रहे हैं। हर दिन दोपहर करीब 2 बजे से जुआ शुरू होता है और देर रात तक चलता है। रात में भीड़ अधिक होती है और बड़ा फड़ बैठता है। हर दिन फड़ में करीब 10 लाख रुपए से ज्यादा का खेल चलता है। बुधवार, शनिवार और रविवार जैसे दिनों में यहां बाकी दिनों के मुताबिक ज्यादा भीड़ रहती है। ASP बोले- कार्रवाई करेंगे इस मामले में दंतेवाड़ा के ASP आरके बर्मन ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि यदि ऐसी कोई गतिविधि सामने आती है तो पुलिस कार्रवाई करेगी और अपराध को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी लेकर जांच की जाएगी। पहले एकता परिसर में चलता था जुआ इससे पहले दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय में स्थित एकता परिसर में खुलेआम जुआ चलता था। दैनिक भास्कर डिजिटल ने पूरे सबूतों के साथ खबर चलाई थी। तब पुलिस थाना में हर महीने सेटिंग होने की बात भी सामने आई थी। खबर के बाद पुलिस हरकत में आई थी और जुआरियों पर कार्रवाई की गई थी। इस जगह से कुछ दिनों तक जुआ बंद रहा था, लेकिन जब मामला शांत हुआ तो डेगलरास के जंगल में बड़ा फड़ बैठने लग गया।
<











