चुनावी तैयारी: भाजपा के पन्ना प्रमुख की काट के लिए कांग्रेस ने उतारे 43 हजार ‘वार्ड योद्धा’ – Raipur News
छत्तीसगढ़ में सत्ता वापसी का प्रयास कर रही कांग्रेस ने आखिरकार भाजपा के उस ‘हथियार’ को अपना लिया है, जिसके दम पर भाजपा चुनाव जीतती रही है। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज और प्रभारी सचिन पायलट ने संगठन का पुराना ढर्रा बदलते हुए उसे ‘नेताओं की पार्टी’ से ‘कार्यकर्ताओं की मशीनरी’ में तब्दील कर दिया है। प्रदेश में अब कांग्रेस के सक्रिय पदाधिकारियों की संख्या 6,54,367 पहुंच गई है। यह केवल संख्या नहीं, बल्कि गली-मोहल्लों तक बिछाया गया एक ऐसा अभेद्य जाल है, जो चुनाव के समय ‘मैसेंजर’ का काम करेगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कांग्रेस का ‘कैडर आधारित’ राजनीति की ओर सबसे बड़ा कदम है। अब तक कांग्रेस का बूथ स्तर कमजोर माना जाता था, लेकिन अब हर बूथ पर 12 समर्पित सिपाही तैनात रहेंगे। यह बदलाव इसलिए भी अहम है क्योंकि अब तक कांग्रेस को केवल ‘नेताओं की पार्टी’ कहा जाता था, लेकिन अब इसे ‘कार्यकर्ताओं की मशीनरी’ में तब्दील किया गया है। पुराने समय में संगठन केवल जिला और ब्लॉक स्तर तक सीमित रहता था, जहां केवल गिने-चुने अध्यक्ष और कार्यकारिणी होती थी। लेकिन नए मॉडल में पार्टी ने सूक्ष्म स्तर पर नियुक्तियां शुरू कर दी हैं। सबसे बड़ी बात अब छोटे से छोटे स्तर के कार्यकर्ता को भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा रही है। मंडल, पंचायत और वार्ड स्तर पर सक्रिय और स्वच्छ छवि वाले कार्यकर्ताओ की पहचान की जा रही है। इसमें पुराने और वरिष्ठ नेताओं की पसंद का भी ख्याल रखा जा रहा है, लेकिन आला नेतृत्व से स्पष्ट निर्देश है कि जिनकी छवि ठीक नहीं है उसे कार्यकारिणी में स्थान नहीं दिया जाएगा। कांग्रेस अब कैडर आधारित राजनीति की ओर बढ़ रही है, जो अब तक भाजपा की ताकत मानी जाती रही है। इसलिए जरूरी थी सर्जरी? 3 बड़े कारण
पन्ना प्रमुख की काट: भाजपा के ‘पन्ना प्रमुख’ मॉडल का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस ने 3,631 वार्डों में 43,572 पदाधिकारियों की फ़ौज उतारी है । इनका काम सीधे घर-घर जाकर वोटरों से जुड़ना होगा।
जवाबदेही तय करना: अब तक हार का ठीकरा किसी एक पर नहीं फूटता था। अब हर बूथ और वार्ड कार्यकारिणी की परफॉर्मेंस रिपोर्ट पीसीसी को सीधे भेजी जाएगी।
नेताओं का नहीं, कार्यकर्ता का महत्व: राजीव भवन के पास अब प्रदेश के 55 एआईसीसी और 289 प्रदेश प्रतिनिधियों की तुलना में मैदानी कार्यकर्ताओं का डेटा कई गुना बड़ा है। बूथ स्तर पर सबसे बड़ी तैनाती
प्रदेश के 27,196 बूथों पर अब 3,26,352 पदाधिकारियों की कार्यकारिणी तैयार है । यानी हर बूथ पर लगभग 12 समर्पित सिपाही तैनात रहेंगे। मंडल और पंचायत की कमान
पहली बार 1,497 मंडल कमेटियों का गठन किया गया है, जिसमें 31,437 सदस्य शामिल हैं । इसी तरह 11,693 पंचायतों में 2.40 लाख से अधिक लोगों को जिम्मेदारी दी गई है। जिम्मेदारी के साथ जवाबदेही भी तय होगी
निचले स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए मंडल, पंचायत और वार्ड स्तर पर समितियों का गठन किया जा रहा है। यह कांग्रेस में संगठनात्मक बड़ा बदलाव है। इससे जमीनी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिलेगी और उनकी जवाबदेही भी तय होगी। – दीपक बैज, अध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस ब्लाक और जिले के बीच मंडल मंडल स्तर पर संरचना बनाना रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिससे ब्लॉक और जिला स्तर के बीच की कड़ी मजबूत हो सके। हालांकि चुनौती अभी भी बनी हुई है। इतने बड़े स्तर पर नियुक्तियों के बाद इन पदाधिकारियों को सक्रिय करना और उन्हें चुनावी मोड में लाना सबसे बड़ी परीक्षा होगी।
<












