जंगली हाथी के हमले में बुजुर्ग महिला की मौत: कांसाबेल में बच्ची घायल, वन विभाग ने दी 25 हजार की सहायता – Jashpur News
जशपुर जिले के कांसाबेल वन परिक्षेत्र के केनाडांड़ गांव में बुधवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। इस घटना में उनकी पांच वर्षीय पोती गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा तब हुआ जब महिला अपने घर के पीछे बाड़ी में हाथी को देखने ग
.
जानकारी के अनुसार, मृतका देरेठिया बाई (57 वर्ष) सुबह लगभग 6 बजे अपने घर के पीछे की बाड़ी में पहुंची थीं। तभी वहां मौजूद एक जंगली हाथी अचानक उग्र हो गया और उसने उन पर हमला कर दिया। हाथी के हमले से देरेठिया बाई की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
हाथी के हमले की चपेट में पोती भी घायल
इस दौरान देरेठिया बाई के साथ उनकी पोती आरवी पन्ना (5 वर्ष) भी मौजूद थी। वह भी हाथी के हमले की चपेट में आ गई, जिससे उसका पैर टूट गया। परिजनों ने बच्ची को किसी तरह बचाया और तुरंत इलाज के लिए पत्थलगांव सिविल अस्पताल पहुंचाया। बच्ची का उपचार जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हमला करने वाला यह हाथी करीब 27 हाथियों के झुंड से बिछड़ गया था। पिछले दो दिनों से यह हाथी गांव के आसपास घूम रहा था। बुधवार सुबह यह रिहायशी इलाके में आ गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी।
वन अमले ने ग्रामीणों को अलर्ट रहने की सलाह दी
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वन अमले ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है और हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वन विभाग ने मृतका के परिजनों को तत्काल राहत के तौर पर 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की है। अधिकारियों ने बताया कि वन्यप्राणी से जनहानि होने पर शासन के प्रावधानों के अनुसार शेष सहायता राशि की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी।
<












