बारिश में भीगते हुए 200 लोगों ने घेरा एसपी दफ्तर पुलिस की सफाई- गिरफ्तारी की कोशिश कर रहे
16 दिन पहले ग्राम भफौली में उप सरपंच के के पति तरुण जायसवाल ने घर पर काम करने वाली आदिवासी छात्रा को अश्लील वीडियो दिखा मुंह में कपड़ा ठूंसकर दुष्कर्म किया था। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद भी पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई। इस पर सर्व आदिवासी समाज का गुस्सा फूटा और एसपी ऑफिस का घेराव कर आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की और पुलिस पर आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाया। बड़ी संख्या में पुलिस ने बैरिकेडिंग कर 200 की संख्या में पहुंचे लोगों को रोकने की कोशिश की, हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद समाज के लोग झमाझम बारिश में गेट पर ही धरने पर बैठ गए। जब बारिश बढ़ी तो तिरपाल लाया गया। भारी बारिश के बीच भी समाज के लोगों का आक्रोश कम नहीं हुआ। इस दौरान धरना दे रहे समाज के लोगों को पुलिस प्रशासन समझाइश देने में जुटी रही। करीब तीन घंटे बाद एसपी राजेश अग्रवाल खुद गेट पर पहुंचे और जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, तब जाकर हंगामा शांत हुआ। आरोपी तरुण के बेटे और एक वकील ने आईजी सरगुजा दीपक झा को अग्रिम जमानत के लिए घटना से एक दिन पहले का फुटेज एडिट कर पेश किया है। वीडियो में डेट-टाइम अलग-अलग है। साथ ही बेटे ने यह बताया जिस दिन घटना हुई, उस दिन नाबालिग बताए गए समय पर थी ही नहीं। अब कोतवाली थाना के प्रभारी ने भी जमानत याचिका खारिज करने की अपील करते हुए कहा कि पेश किया गया वीडियो टेमपर्ड है। इसकी फॉरेसिंक जांच करानी चाहिए। सर्व आदिवासी समाज के सरगुजा जिला अध्यक्ष अनुक टेकाम ने बताया कि दुष्कर्म की घटना के बाद आरोपी और आरोपी के परिवार के सदस्य जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं, पीड़िता के परिवार के पास पैसे लेकर मामले को दबाने के लिए पहुंचे थे। चार लाख देकर लिखित में समझौता नामा भी बनवाया था। इसके बाद भी पुलिस प्रशासन शुरुआत में जल्दी से कार्रवाई नहीं की और आरोपी को भागने का मौका दिया। पीड़िता आदिवासी है, इसके बाद भी शुरुआत में एसटीएसी एक्ट नहीं लगाया गया था। बुधवार को भफौली के साथ आसपास के गांव से भी ग्रामीण कलाकेंद्र मैदान में जुटे। रैली निकाल एसपी दफ्तर के बाहर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी का पता बताने वाले को 5 हजार रुपए देने की घोषणा की थी, लेकिन आदिवासियों के आक्रोश को देख सर्व आदिवासी समाज के अनुक टेकाम ने आरोपी का पता बनाने वालों को 1 लाख इनाम देने की घोषणा की है। पीड़िता खुद रैली में शामिल होकर न्याय की गुहार लगाने एसपी ऑफिस के बाहर पहुंची थी। आदिवासी समाज ने पुलिस पर आरोप लगाया कि आरोपी तरुण जायसवाल, एक एसडीओपी और शहर के ही एक टीआई का रिश्तेदार है। साथ ही आरोप लगाया कि आरोपी को पुलिस ने चोपड़ापारा के एक फ्लैट से पकड़ा भी था, लेकिन जब पुलिस कर्मियों को उसके रिश्तेदारी के बारे में पता चला कि आरोपी को वहां से भगा दिया, इसीलिए आदिवासी समाज आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगा रही है। इसी मामले को लेकर करीब एक सप्ताह पहले बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करने एसपी को ज्ञापन देकर कार्रवाई करने की मांग की थी। दबाव बढ़ने के बाद पुलिस ने आरोपी तरुण जायसवाल के नाम से जारी 12 बोर की लाइसेंसी डीबीबीएल बंदूक और शस्त्र लाइसेंस जब्त कर लिया था। साथ ही उसकी संपत्ति की भी कुर्की करने की बात कहीं थी, लेकिन अब तक मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हो पाई है।












