डॉ. सलीम राज बोले-सार्वजनिक जगहों पर कुर्बानी न करें: सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो वायरल करने से बचें, 28 मई को ईद-उल-अज़हा का त्योहार – Raipur News
पूरे देश में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार 28 मई 2026, गुरुवार को मनाया जाएगा। छत्तीसगढ़ में इस दिन सुबह 6 बजे से 11 बजे तक मस्जिदों और ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। मुस्लिम समाज में यह पर्व हजरत इब्राहीम और हजरत इस्माइल अलैहिस्सलाम की याद में मनाया जाता है। इस मौके पर 28 मई के सूर्योदय से 30 मई के सूर्यास्त तक कुर्बानी की रस्म निभाई जाएगी। सामाजिक कार्यकर्ता और वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने ईद-उल-अजहा के मौके पर मुस्लिम समाज से अपील की है कि वे खुले स्थानों या सार्वजनिक जगहों पर कुर्बानी न करें। उन्होंने कहा कि इस्लाम धर्म, कुरआन और हदीस सभी धर्मों के प्रति सम्मान, भाईचारा और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश देते हैं। पैगंबर साहब ने भी अपने संदेश में कहा है कि जिस देश में रहें, वहां के कानून और दूसरे धर्मों की आस्था का सम्मान करना चाहिए। सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो वायरल करने से बचें डॉ. राज ने कहा कि कई बार कुछ लोग कुर्बानी के फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देते हैं, जिससे दूसरे समाज के लोगों की भावनाएं आहत होती हैं और माहौल खराब होता है। उन्होंने लोगों से प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं करने, रोड पर नमाज अदा नहीं करने और भीड़ अधिक होने पर पूर्व वर्षों की तरह शिफ्टों में नमाज की व्यवस्था करने की अपील की। साफ-सफाई और सौहार्द बनाए रखने की अपील उन्होंने कहा कि कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। खून को नालियों में न बहाएं और अपशिष्ट पदार्थों को गड्ढा खोदकर दफन करें। डॉ. सलीम राज ने सभी से आपसी भाईचारा, अमन और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखते हुए ईद-उल-अज़हा का त्योहार मनाने की अपील की।
<











