मालगांव में देव मड़ई मेला, 17 गांवों के देवता एकत्र: कोंडागांव जिले में हजारों श्रद्धालु पहुंचे, बस्तर की संस्कृति का प्रदर्शन – Kondagaon News
कोंडागांव जिले के मालगांव में मंगलवार को पारंपरिक देव मड़ई मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में दुबलावंड, बाटीबेड़ा, सिंदीगुड़ा, नांगा गुड़ा सहित कुल सत्रह गांवों के देवी-देवता शामिल हुए। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बस्तर अंचल की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक यह मेला आस्था, परंपरा और सामाजिक समरसता का महापर्व माना जाता है। छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति में मेला-मड़ई उत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। देवी देवताओं को पारम्परिक श्रृंगार से सजाया गया मंगलवार सुबह से ही मेला परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। आँगा देव, देव लाट सहित विभिन्न देवी-देवताओं को फूल-मालाओं और पारंपरिक श्रृंगार से सजाकर पालकी और डोली में विराजित किया गया। इसके बाद देवी-देवताओं ने ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच पूरे मेला परिसर की परिक्रमा की। मोहरी की मधुर स्वर-लहरियों ने बिखेरे बसरत के रंग मेले का मुख्य आकर्षण राउत समाज द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक नृत्य रहा। मोहरी की मधुर स्वर-लहरियों और नगाड़े की थाप पर कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुति दी। मड़ई पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा है ग्राम कोटवार मनमोहन दास मानिकपुरी ने बताया, “यह मड़ई हमारी पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा है। इस वर्ष 17 गांवों के देवी-देवताओं का एक साथ पधारना हमारे गांव के लिए सौभाग्य का विषय है। यह आयोजन आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।” बस्तर संभाग में मेला-मड़ई का विशेष महत्व है। यह न केवल धार्मिक आस्था को पुष्ट करता है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी गति प्रदान करता है।
<












