विज्ञापन दें / सहयोग करें

कमरभर पानी से शव ले गए, अब बनेगी सड़क:VIDEO वायरल होने के बाद कलेक्टर ने लिया संज्ञान, सड़क और पुलिया निर्माण को मंजूरी

दुर्ग जिले के सेमरिया गांव का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में कई ग्रामीण एक शव को कंधे पर लेकर कमर भर पानी और कीचड़ भरे रास्ते से गुजरते दिखाई दिए थे, वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर ने संज्ञान लिया है। उन्होंने 12.05 लाख रुपए की लागत से पुलिया और मिट्टी-मुरूम की सड़क निर्माण को मंजूरी दी है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिला पंचायत के सीईओ को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए और 3 महीने में काम पूरा होने की बात कही है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में मिट्टी की कच्ची सड़क थी जो बारिश में बह गई। बागडूमर से सेमरिया तक करीब 4 किलोमीटर रास्ते में जगह-जगह बड़े गड्ढे और पानी भर जाता है। श्मशान घाट तक पहुंचने वाले अंतिम डेढ़ किलोमीटर रास्ते की हालत सबसे ज्यादा खराब है। हाल ही में एक शव को श्मशान घाट ले जाने के दौरान करीब 30-40 ग्रामीणों को कंधा लगाना पड़ा। कीचड़ में कई लोग फिसले, जबकि कुछ ग्रामीण रास्ते में ही पीछे रह गए। पहले देखिए ये तस्वीरें… बारिश के मौसम में शव ले जाना चुनौतीपूर्ण ग्रामीणों ने दैनिक भास्कर की टीम को श्मशान घाट तक जाकर रास्ते की वास्तविक स्थिति दिखाई। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में यहां से शव ले जाना कितना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कभी रोड थी ही नहीं। मिट्टी की कच्ची सड़क थी, जो बारिश में बह गई। ग्रामीणों के अनुसार, गांव से श्मशान घाट तक का लगभग डेढ़ किलोमीटर का रास्ता पूरी तरह कीचड़ से भरा रहता है। नाले के पास पानी का स्तर काफी बढ़ जाता है, जिसके कारण हालिया अंतिम यात्रा में शव को कमर तक पानी के बीच से पार कराना पड़ा था। पुल-पुलिया और सड़क का होगा निर्माण दैनिक भास्कर की खबर के जरिए यह समस्या जिला प्रशासन तक पहुंची। खबर का संज्ञान लेने के बाद कलेक्टर ने जिला पंचायत के सीईओ को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एक तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया। प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सेमरिया में दो निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली। इनमें 8.48 लाख रुपए की लागत से पुल-पुलिया बनाना और 3.57 लाख रुपए की लागत से मिट्टी-मुरूम सड़क बनाना शामिल है। 2 से 3 महीने में पूरा करने का लक्ष्य दुर्ग जिला पंचायत के सीईओ बजरंग दुबे ने बताया कि मीडिया के माध्यम से सेमरिया की समस्या संज्ञान में आने के बाद कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद तकनीकी टीम भेजकर जनपद पंचायत के माध्यम से प्राक्कलन मंगाया गया। उन्होंने बताया कि जी-राम-जी योजना के तहत अनुमेय कार्य की श्रेणी में आने के कारण दोनों निर्माण कार्यों को तत्काल स्वीकृति दिलाई गई है। दोनों कार्यों को आगामी 2 से 3 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। निरीक्षण के बाद काम शुरू कराने की प्रक्रिया प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद तकनीकी सहायक, सरपंच दामनी साहू, रोजगार सहायक और पंचायत सचिव की मौजूदगी में स्थल निरीक्षण किया गया। निर्माण से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए कार्य प्रारंभ कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ………………. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… कमर तक पानी में शव लेकर श्मशान पहुंचे ग्रामीण, VIDEO: रास्ता गड्ढे-कीचड़ में बदला, फिसल कर गिरे लोग; कहा- बरसात में किसी की मौत न हो दुर्ग जिले के सेमरिया गांव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में कई ग्रामीण एक शव को कंधे पर लेकर कमर भर पानी और कीचड़ से भरे रास्ते से गुजरते दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश में बागडूमर से सेमरिया तक करीब 4 किलोमीटर रास्ते में जगह-जगह बड़े गड्ढे और पानी भर जाता है। पढ़ें पूरी खबर…

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button