डेयरी शहर से बाहर शिफ्ट नहीं, नोटिस-जुर्माने तक निगम:रिहायशी इलाकों में संचालन से गंदगी, खुले में छोड़े जा रहे मवेशियों से यातायात भी प्रभावित
शहर के रिहायशी इलाकों में चल रही डेयरियों को बाहर शिफ्ट करने की नगर निगम की कार्रवाई नोटिस और जुर्माने तक सीमित है। िपछले साल 50 से अधिक कार्रवाई और इस साल 28 से ज्यादा नोटिस के बावजूद डेयरी बाहर शिफ्ट नहीं हुई। निगम 50 हजार रुपए से ज्यादा जुर्माना वसूल चुका है, लेकिन एक साल में शिफ्टिंग के लिए अभियान नहीं चला। कार्रवाई से बचने संचालक दिन में मवेशियों को खुले में छोड़ देते हैं, जिससे सड़कों पर गंदगी फैलती है। मवेशियों को पकड़कर छोड़ने पर निगम 2 लाख रुपए से ज्यादा जुर्माना वसूल चुका है। इसलिए निगम से रजिस्ट्रेशन जरूरी आप शहर में दूध-पनीर या डेयरी उत्पाद की बिक्री कर रहे हैं और मवेशियों का पालन कर रहे हैं तो नगर निगम से रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है। इसके साथ ही नगर पालिका अधिनियम के तहत मवेशियों को कहीं भी बांधने, खुला छोड़ने और गंदगी फैलाने पर जुर्माने का प्रावधान है। इसी के साथ डेयरी का संचालन शहर से बाहर किए जाने का प्रावधान है, ताकि रिहायशी क्षेत्रों में यातायात, गंदगी और स्वास्थ्य पर प्रभाव न पड़े। शहर में 400 से अधिक डेयरी, दुधारू गायों पर फोकस रायपुर नगर निगम के 70 वार्डों के रिहायशी क्षेत्रों में 400 से अधिक छोटी-बड़ी डेयरियों का संचालन होता है। 3-4 या इससे अधिक भैंस या गाय रखकर लोग डेयरी का व्यापार कर रहे हैं। बड़े स्तर पर भी यह व्यापार रिहायशी क्षेत्रों में चलता है। छोटे पशुपालक कार्रवाई से बचने के लिए दिनभर मवेशियों को खुले में छोड़ देते हैं और सिर्फ दुधारू गायों पर ही फोकस करते हैं। कुछ महीने पहले दलदल सिवनी में संचालित डेयरी की शिकायत पर पहुंची निगम की टीम ने नाली में गोबर फेंकने पर जुर्माना लगाया। इसी तरह एक कार्रवाई फाफाडीह में भी हुई थी। लगातार कर रहे कार्रवाई रिहायशी क्षेत्रों में संचालित डेयरी संचालकों पर लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। नोटिस और जुर्माने के अलावा उन्हें समझाइश दे रहे हैं कि वे इसे शहर से बाहर शिफ्ट करें। कई डेयरियां शिफ्ट भी हुई हैं। इसके लिए आगे भी लगातार कार्रवाई और शिफ्टिंग को लेकर अभियान चलाया जाएगा।
विनोद पांडेय, अपर आयुक्त, नगर निगम रायपुर











