समाधान शिविर में उपभोक्ताओं को मिली राहत: 1.60 लाख की छूट, प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने की बातचीत, बकाया बिलों की ली जानकारी – Raipur News
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के दक्षिण संभाग में आज समाधान शिविर का आयोजन किया गया। प्रबंध निदेशक डिस्ट्रीब्यूशन भीमसिंह कंवर ने उपभोक्ताओं से सीधे वार्तालाप कर बकाया बिल की वास्तविक जानकारी ली। आज शिविर में उपभोक्ताओं को 1 लाख 60 हजार 415 रुपए की छूट मिली है। आज के समाधान शिविर में सक्रिय और निष्क्रिय उपभोक्ताओं की पूरी जानकारी लेते हुए कंवर ने अधिकारियों को योजना में ज्यादा से ज्यादा हितग्राहियों को लाभ देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को समाधान योजना को मानवीय सेवा के उद्देश्य से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। गरीब-असमर्थ, जरूरतमंद हितग्राहियों को प्रमाण पत्र दिए आज के समाधान शिविर में हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया जो गरीब, असमर्थ, जरूरतमंद थे। इशरत खान घरेलू उपभोक्ता (रावणभाठा जोन) की जानकारी संभाग ने ली। जिनकी कोविड के समय से 1 लाख 9801 राशि का बकाया था, उनके बेटे की कोविड के दौरान मौत हो गई थी। तब से ये बिल भुगतान करने में असमर्थ थी। फिर भी बीच-बीच में वे कभी एक हजार कभी तीन हजार जमा करती रही। लेकिन बकाया राशि अधिक होने के कारण वे इसे पूर्णतः समाप्त नहीं कर पा रही थी। दक्षिण संभाग ने मैदानी अमलों को भेज कर उन्हें समाधान योजना के बारे में बताया और आज समाधान योजना के तहत उन्हें मिल रहे 97 हजार 981 रुपए की लाभ का प्रमाण पत्र दिया गया। 423 उपभोक्ताओं का 42 लाख बकाया दक्षिण संभाग में रावणभाठा, देवपुरी और पुरैना जोन आते हैं। समाधान शिविर वहीं के पात्र उपभोक्ता को लाभ देने और योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए रिर्पोट तैयार कर बताया गया कि, दक्षिण संभाग में निष्क्रिय उपभोक्ताओं की संख्या 423 है। जिसकी कुल बकाया राशि लगभग 42 लाख है। समाधान शिविर के तहत इन उपभोक्ताओं को लगभग 23 लाख 42 हजार 804 रुपए राशि की छूट दी जाएगी। जिसमें बीपीएल, कृषि और घरेलू उपभोक्ता शामिल हैं। आज के समाधान शिविर में कुल 1 लाख 60 हजार 415 रुपए की छूट उपभोक्ताओं की दी गई। दक्षिण संभाग में सक्रिय उपभोक्ताओं न के बराबर है। जिनसे मैदानी अमलों ने बात करके पैसे जमा करने के लिए समझाईश दी गई और उपभोक्ताओं ने पार्ट पेमेंट भी कर दिया। आज के शिविर में प्रबंध निदेशक से वार्तालाप से प्रभावित होकर उपस्थित कुछ निष्क्रिय उपभोक्ता ने त्वरित भुगतान किया और कंवर ने मैदानी अमलों को पुनः कनेक्शन के आदेश दिए।
<












