बिजली बिल और कटौती के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन: बिजली दफ्तरों में चस्पा किए काले पोस्टर, कहा- जनता पर बढ़ रहा बोझ – Raipur News
रायपुर में बढ़ती बिजली दरों, स्मार्ट मीटर और अघोषित बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस ने आज प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीडी नगर और खमतराई जोन के बिजली विभाग कार्यालयों में काले पोस्टर चस्पा कर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एक तरफ प्रदेश की जनता महंगाई की मार झेल रही है, वहीं दूसरी ओर लगातार बढ़ते बिजली बिलों ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इसके साथ ही बार-बार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं की शिकायतें बढ़ी हैं और बिजली बिलों में भी लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बढ़ते बिजली बिल और अघोषित बिजली कटौती सरकार की जनविरोधी नीतियों का परिणाम हैं। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि बिजली से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी और बिजली दरों में बढ़ोतरी व कटौती के मुद्दे को लगातार उठाएगी।
<










