किसानों के लिए नैनो डीएपी-यूरिया अभियान चलाने के निर्देश: समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने बारिश से पहले बिजली व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश – Raipur News
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आरएईओ नियमित रूप से गांवों का दौरा करें और किसानों को नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के उपयोग के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर ने इसे जिले में अभियान के रूप में संचालित करने पर जोर दिया। बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का लाभ लेने और आम नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह योजना बिजली बचत के साथ-साथ लोगों को बिजली उत्पादक बनने का अवसर भी प्रदान करती है। बारिश पूर्व तैयारी पर जोर कलेक्टर ने विद्युत विभाग को मानसून से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए ताकि आम जनता को लंबे समय तक बिजली बाधित होने की समस्या न हो। वहीं स्वास्थ्य विभाग को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाने तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी और कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। कई अधिकारी रहे मौजूद बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एडीएम उमाशंकर बंदे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link












