कोंडागांव में बाल विवाह, महिला सुरक्षा पर प्रशिक्षण: कार्यस्थल उत्पीड़न, कुप्रथाओं पर रोक लगाने का संकल्प – Kondagaon News
कोंडागांव में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला पंचायत कोंडागांव के सभागार में बाल विवाह रोकथाम और कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 विषय पर एक जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और बाल विवाह जैसी कुप्रथा पर रोक लगाना था। यह कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी रेनू प्रकाश के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। डीएसपी स्निधा सलामे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यस्थल पर उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत आंतरिक शिकायत कार्यशाला की शुरुआत में लीगल एड डिफेंस अधिवक्ता श्रीमती प्रीति विश्वास ने लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम 2013 के प्रावधानों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) में शिकायत दर्ज कराना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि दोष सिद्ध होने पर मामला पुलिस तक पहुंचाया जाना चाहिए। जागरूकता, कानून की सही जानकारी जरुरी इसके बाद, नवाबिहान की संरक्षण अधिकारी श्रीमती सावित्री कोर्राम ने पोर्टल पर आंतरिक समिति के सदस्यों की जानकारी अपलोड करने की प्रक्रिया समझाई। सखी सेंटर की प्रशासक श्रीमती स्वीटी दास ने महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में नरेंद्र सोनी ने बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज से इस कुप्रथा को खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। कार्यशाला में विभिन्न विभागों की आंतरिक समितियों के सदस्य उपस्थित थे। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि जागरूकता, कानून की सही जानकारी और सामूहिक भागीदारी से ही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है और बाल विवाह जैसे सामाजिक अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
<













