विज्ञापन दें / सहयोग करें

CG Naxal Encounter: सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, एनकाउटंर में 6 माओवादी ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाकर्मियों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ में छह माओवादी मारे गए। अबूझमाड़ क्षेत्र के जंगल में सुरक्षाबलों को माओवादियों की मौजूदगी की खबर मिलने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। मुठभेड़ स्थल से एके-47/एसएलआर राइफलें हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। अधिकारी ने बताया कि इलाके में अभी भी अभियान जारी है।

By Dheeraj Belwal

Publish Date: Fri, 18 Jul 2025 07:31:12 PM (IST)

Updated Date: Fri, 18 Jul 2025 07:31:12 PM (IST)

नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों ने छह नक्सलियों को किया ढेर। (फाइल फोटो)

नईदुनिया प्रतिनिधि, नारायणपुर: छत्तीसगढ़ के दुर्गम अबूझमाड़ इलाके में सुरक्षा बलों को माओवादी मोर्चे पर इस मानसून की पहली बड़ी सफलता मिली है। नारायणपुर, कांकेर और बस्तर जिलों की संयुक्त फोर्स द्वारा चलाए जा रहे सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान शुक्रवार की दोपहर से शुरू हुई मुठभेड़ में अब तक छह माओवादी ढेर किए जा चुके हैं।

घटनास्थल से एके-47, सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर) समेत बड़ी संख्या में हथियार, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं। यह मुठभेड़ अबूझमाड़ के गहरे जंगलों में महाराष्ट्र सीमा के करीब हुई, जहां जवानों को कई पहाड़ी नालों को पार करते हुए पहुंचना पड़ा।

माओवादियों से जारी है मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ करीब चार-पांच घंटे से जारी है। आज की रात भी सुरक्षा बल के जवान जंगल में ही डटे रहेंगे। मुठभेड़ स्थल की घेराबंदी अब भी जारी है और मारे गए माओवादियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। नारायणपुर पुलिस अधीक्षक राबिंसन गुरिया ने बताया कि चूंकि अभियान अब भी जारी है, इसलिए जवानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिक जानकारी साझा नहीं की जा रही है। अभियान के पूर्ण होते ही विस्तृत विवरण जारी दी जाएगी।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने दी बधाई

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सफलता के लिए सुरक्षाबलों को बधाई दी है, उन्होंने कहा कि नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में नक्सलियों के खिलाफ जारी सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई में अब तक 6 नक्सलियों के न्यूट्रलाइज होने की खबर प्राप्त हो रही है। इस ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबल के सभी वीर जवानों को बधाई देता हूँ और उनके अदम्य साहस को नमन करता हूं।

मानसून में मिली रणनीतिक बढ़त

यह मुठभेड़ ऐसे समय हुई है जब बरसात के मौसम में जंगल के भीतर संचालन बेहद कठिन हो जाता है। इसके बावजूद सुरक्षा बलों ने माओवादियों के गढ़ में घुसकर उन्हें निर्णायक झटका दिया है। बीते साल भी मानसून के दौरान अबूझमाड़ क्षेत्र में 100 से अधिक माओवादी मारे गए थे, और दो माह पूर्व इसी क्षेत्र में मोस्ट वांटेड माओवादी बसव राजू समेत 27 माओवादियों को ढेर किया गया था।




Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button