बलरामपुर में मवेशी तस्करी नेटवर्क ध्वस्त, 4 आरोपी गिरफ्तार: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध वाहनों को पकड़ा, संगठित गिरोह का भंडाफोड़ – Balrampur (Ramanujganj) News
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर क्षेत्र में पुलिस ने मवेशी तस्करी के एक बड़े संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस को मुखबिर से बलंगी क्षेत्र में अवैध मवेशी तस्करी की सूचना मिली थी। बलरामपुर-रामानुजगंज जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी वाड्रफनगर के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने देर रात चौकी बलंगी में घेराबंदी कर कार्रवाई की। दो पिकअप में भैंस लाद कर ले रहे थे आरोपी घेराबंदी के दौरान पुलिस ने बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। तभी तेजी से आ रहे दो पिकअप वाहनों को रोका गया। तलाशी लेने पर गाड़ियों में सात-सात भैंस लदी मिलीं। हालांकि, दोनों पिकअप के चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से एक संदिग्ध ग्रैंड विटारा कार भी जब्त की गई, जिसका चालक पुलिस की गिरफ्त में आ गया। बैंक खाते में तस्करी सम्बन्धी रकम लेनदेन गिरफ्तार किए गए कार ड्राइवर जितेंद्र जायसवाल से पूछताछ में मवेशी तस्करी के इस संगठित गिरोह का खुलासा हुआ। जांच में मानिकचंद सोनवानी, दीपक सोनवानी और देवमती सोनवानी के शामिल होने का पता चला। देवमती सोनवानी के बैंक खाते में तस्करी से संबंधित रकम के लेनदेन की भी पुष्टि हुई है। पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच पुलिस ने जितेंद्र जायसवाल, मानिकचंद सोनवानी, दीपक सोनवानी और देवमती सोनवानी को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(1)(2), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी जितेंद्र जायसवाल पहले भी मवेशी तस्करी के मामलों में शामिल रहा है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
<













