नेशनल हाईवे में खड़ी ट्रक से टकराई कार,एक की मौत: देर रात तेज रफ्तार में हादसा, कार के परखच्चे उड़े, चालक गंभीर – Ambikapur (Surguja) News
नेशनल हाईवे 130, अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्यमार्ग पर देर रात भिट्टीकला के पास तेज रफ्तार कार खड़ी ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार चालक एवं सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घायल सवार को मशक्कत के बाद कार से बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल दाखिल कराया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। कार चालक को प्राइवेट हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है। मामला मणिपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बीती रात करीब 2 से 2.30 के बीच अंबिकापुर की ओर से तेज रफ्तार में लखनपुर की ओर जा रही स्वीफ्ट कार क्रमांक सीजी 04 क्यूएस 4079 सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार सवार एवं चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना राहगिरों ने पुलिस को दी। सवार की मौत, चालक की हालत गंभीर
हादसे के बाद चालक दीपक सोनी किसी तरह से बाहर निकला। उसे लाइफ लाइन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं सवार तेजपाल (19 वर्ष) बार में फंस गया।हादसे की सूचना पर मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बरसते पानी में घायल को किसी तरह कार का गेट खोलकर बाहर निकाला। पुलिस टीम ने उसे बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा। हॉस्पिटल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर परिजन मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि तेजपाल निवासी अमगसी मंगलवार शाम करीब 4 बजे घर से लखनपुर जाना बताकर निकला था। उसे लखनपुर में नरकालो निवासी दीपक सोनी मिला। उसे लेकर दीपक सोनी अपनी कार से अंबिकापुर आ गया था। दोनों देर रात वापस घर लौट रहे थे। हादसे के दौरान तेज बारिश हो रही थी। संभवतः कार चालक बारिश के कारण सड़क किनारे खड़ी ट्रक को नहीं देख सका और हादसा हो गया। मणिपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
<










