विज्ञापन दें / सहयोग करें

कोरबा के छातीबहार गांव में भालू ने दो सगे भाइयों पर किया हमला, दोनों घायल; एक की हालत गंभीर

कोरबा जिले के लेमरू वन परिक्षेत्र के छातीबहार गांव में एक घटना सामने आई है। यहां शहर से गांव घूमने आए तीन युवकों की लापरवाही के कारण दो सगे भाइयों पर भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, शहर के तीन युवक गांव घूमने आए थे। उन्होंने गांव में घूम रहे दो छोटे सगे भाइयों को गुफा और पहाड़ दिखाने की बात कही। जब बच्चों ने मना किया, तो उन्हें पैसे का लालच दिया गया। इसके बाद उन्हें एक काली कार में बैठाकर गुफा देखने ले जाया गया। कार में कोरबा शहर के ही तीन युवक सवार थे।

कार खड़ी कर सभी गुफा देखने के लिए पैदल निकले। दोनों सगे भाई आगे थे और पीछे तीनों युवक चल रहे थे। जैसे ही सभी गुफा के पास पहुंचे, गुफा में पहले से मौजूद भालू ने अचानक हमला कर दिया। भालू ने सबसे पहले छोटे भाई पर हमला किया। अपने भाई पर हमला होते देख बड़े भाई ने हिम्मत दिखाते हुए भालू से भिड़ गया। उसने पत्थर से हमला कर अपने छोटे भाई की जान बचाई।

भालू के हमले को देखकर गुफा दिखाने ले गए तीनों युवक मौके से भाग गए। हमले में दोनों भाई घायल हो गए। भाग रहे तीनों युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे फरार हो गए। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी कार में तोड़फोड़ की।

परिजन तत्काल दोनों घायल बच्चों को लेकर जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। घायल बच्चों की पहचान 10 साल के मुकेश और 7 साल के सोनू के रूप में हुई है। 7 साल के सोनू की हालत गंभीर है, उसे रेफर किया गया है।

सूचना मिलते ही लेमरू डिप्टी रेंजर श्रवण कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डिप्टी रेंजर श्रवण कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची है। घायल बच्चों के परिजनों को तात्कालिक सहायता दी जा रही है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button