बलौदाबाजार कलेक्टर ने कृषि विभागों की समीक्षा की: एग्रीस्टैक पंजीयन, वैकल्पिक फसलों पर जोर, उच्च गुणवत्ता वाले धान बीज उत्पादन के निर्देश – baloda bazar News
बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शुक्रवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में कृषि, पशुपालन, मत्स्य और उद्यानिकी विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों तक शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचे और जिले के सभी किसानों का एग्रीस्टैक में समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए धान पर निर्भरता कम कर वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। ग्रीष्मकालीन धान छोड़ लाभकारी फसलें अपनाने के लिए करें प्रेरित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि किसानों को ग्रीष्मकालीन धान की खेती के बजाय अधिक आय देने वाली वैकल्पिक फसलों की ओर प्रोत्साहित किया जाए। इसके लिए किसानों को तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ गुणवत्तायुक्त बीजों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लंबित मामलों का शीघ्र सत्यापन कर भुगतान पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा, ताकि जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई समय पर हो सके। धान उत्पादन के साथ बीज उत्पादन में भी बने जिला अग्रणी कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि जिले में धान का उत्पादन पर्याप्त मात्रा में होता है, लेकिन अब उच्च गुणवत्ता वाले धान बीज उत्पादन के क्षेत्र में भी पहचान बनाने की जरूरत है। इसके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी तरीके से काम करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। कम पानी वाली उद्यानिकी फसलों को मिलेगा बढ़ावा उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि रबी सीजन में जल उपलब्धता कम रहती है। ऐसे में कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा दिया जाए। किसानों को इन फसलों के आर्थिक लाभों की जानकारी देकर उन्हें उद्यानिकी खेती के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया। कृषि समितियों में माइक्रो एटीएम सुविधा का करें प्रचार बैठक में कलेक्टर ने बताया कि जिले की 168 कृषि उपार्जन समितियों में से 129 समितियों में माइक्रो एटीएम की सुविधा उपलब्ध है। इसके माध्यम से किसान 20 हजार रुपये तक की राशि आसानी से निकाल सकते हैं। उन्होंने इस सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए और कृषि समितियों को कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की तर्ज पर विकसित करने की बात कही। टीकाकरण अभियान तेज करने और बेहतर काम करने वालों को सम्मानित करने के निर्देश पशुपालन विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने पशुओं के टीकाकरण अभियान में तेजी लाने और अधिक से अधिक पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौधाम योजना के तहत निर्मित और निर्माणाधीन गौशालाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने को कहा। बैठक के अंत में कलेक्टर ने घोषणा की कि कृषि एवं संबद्ध विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ काम करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
Source link













