भाठागांव में चारागाह की जमीन पर अतिक्रमण की कोशिश…VIDEO: पेड़ काटते मजदूरों को लोगों ने पकड़ा, ठेकेदार बोला-बीजेपी पार्षद ने भेजा; महापौर बोलीं- करेंगे कार्रवाई – Raipur News
राजधानी रायपुर के भाठगांव इलाके में चारागाह की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की कोशिश का मामला सामने आया है। यहां बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में स्थानीय लोग पेड़ काटने वालों का विरोध करते नजर आ रहे हैं और आरा मशीन-कुल्हाड़ी जब्त करने की बात कह रहे हैं। हालांकि इस मामले में बीजोपी पार्षद रवि सोनकर नाम सामने आया है। वहीं मामले में महापौर मीनल चौबे ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पेड़ों की कटाई करते मिले मजदूर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ मजदूर मौके पर पेड़ों की कटाई कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया और पेड़ कटवाने वाले व्यक्ति का नाम ठेकेदार से पूछा। पूछताछ के दौरान ठेकेदार और वहां मौजूद लेबरों ने पार्षद रवि सोनकर के कहने पर पेड़ काटने की बात स्वीकार की। पेड़ कटाई को लेकर स्थानीय लोगों और मजदूरों के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बिन्नी बाई स्कूल के पास की घटना स्थानीय लोगों के अनुसार वायरल वीडियो काठाडीह रोड में बिन्नी बाई सोनकर स्कूल के पास का है। यहां बड़ी संख्या में खाली जमीन पड़ी है। इस जमीन पर पहले भी पेड़ काटे जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस बार स्थानीय लोगों ने ठेकेदार और मजदूरों को पेड़ काटते हुए रंगेहाथ पकड़ा है। सार्वजनिक जमीन पर कब्जे की कोशिश स्थानीय लोगों का आरोप है कि चारागाह की जमीन पर कब्जा करने की नीयत से पहले पेड़ों को हटाया जा रहा था। लोगों का कहना है कि यह जमीन सालों से सार्वजनिक उपयोग में रही है। पेड़ों की अंधाधुंध कटाई पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। कोई भी हो करेंगे कार्रवाई- महापौर चारागाह की जमीन पर पेड़ काटे जाने के मामले में दैनिक भास्कर की टीम ने महापौर मीनल चौबे से चर्चा की। महापौर ने पूरे मामले में सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अवैध काम करता पाया गया, तो उसके खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी। जांच करवाकर करूंगा कार्रवाई- जोन कमिश्नर हरे पेड़ काटने के मामले में दैनिक भास्कर की टीम ने जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव को जानकारी दी। जोन कमिश्नर ने टीम भेजकर पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। पार्षद रवि सोनकर ने नहीं रखा अपना पक्ष वायरल वीडियो और ठेकेदार-मजदूरों के बयान के आधार पर भास्कर की टीम ने भाठगांव पार्षद रवि सोनकर से उनका पक्ष जानने की कोशिश की। टीम ने पार्षद को मैसेज भेजा और संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
<










