सहायक शिक्षक भर्ती: छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट से 54 अभ्यर्थियों को बड़ा झटका, नियुक्ति की मांग वाली याचिका खारिज
छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट से बड़ा फैसला: सहायक शिक्षक भर्ती 2019 की 54 अभ्यर्थियों की याचिका सिरे से खारिज
HighLights
- दस्तावेज सत्यापन के बाद भी नहीं मिली थी नियुक्ति, रिक्त पदों का दिया था हवाला
- अतिरिक्त महाधिवक्ता वाई.एस. ठाकुर की दलील पर मुहर; हाई कोर्ट ने कहा- निश्चित हो चुका है मामला
- सहायक शिक्षक भर्ती 2019 की याचिका हाई कोर्ट में खारिज; 54 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की उम्मीदें खत्म
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने वर्ष 2019 की सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी 54 अभ्यर्थियों की संयुक्त याचिका को सिरे से खारिज कर दिया है। हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि सहायक शिक्षक भर्ती के इस मामले में पहले ही कोर्ट द्वारा विस्तृत निर्णय दिया जा चुका है और यह मामला अब ””निश्चित”” हो चुका है। जस्टिस बिभु दत्ता गुरु की एकल पीठ ने इस मामले को खारिज कर दिया है।
दस्तावेज सत्यापन के बाद भी नहीं मिली थी नियुक्ति, रिक्त पदों का दिया था हवाला
याचिकाकर्ता श्रवण कुमार, देव दास, दिनेश साहू समेत कुल 54 अभ्यर्थी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि राज्य सरकार द्वारा 3 मार्च 2019 को सहायक शिक्षक के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। वे इन भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए थे और उन्हें दस्तावेज सत्यापन के लिए भी बुलाया गया था।
याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान विभाग में पद रिक्त थे, इसके बावजूद उन्हें नियुक्ति नहीं दी गई। उन्होंने कोर्ट से मांग की थी कि राज्य शासन व शिक्षा विभाग को उन्हें रिक्त पदों पर नियुक्त करने का निर्देश दिया जाए।सुनवाई के दौरान राज्य शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता वाई.एस. ठाकुर ने कोर्ट को बताया कि यह मुद्दा अब नया नहीं है और इस पर हाईकोर्ट पहले ही फैसला सुना चुका है। उन्होंने 20 फरवरी 2025 को प्रेम लाल साहू बनाम छत्तीसगढ़ राज्य व अन्य मामले में दिए गए फैसले का हवाला दिया।
जस्टिस बिभु दत्ता गुरु ने सुनवाई के बाद पाया कि वर्तमान याचिका में उठाए गए बिंदु वही हैं, जिन पर प्रेम लाल साहू मामले में कोर्ट अपना निर्णय दे चुका है। जब मामला पहले ही सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट के पिछले निर्णयों और तथ्यों से आच्छादित है, तो इसमें अलग से कोई नया दृष्टिकोण अपनाने या आदेश देने का कोई ठोस आधार नहीं है। मामले में कोई मेरिट न पाते हुए हाई कोर्ट ने याचिका को खारिज कर दिया है। इस फैसले के बाद सहायक शिक्षक भर्ती (2019) को लेकर इन 54 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की उम्मीदें खत्म हो गई हैं।
Source link










