“बलात्कार के बाद बेरहमी से हत्या, मासूम बच्ची बनी चश्मदीद – आरोपी को आजीवन कारावास!”
बलात्कार और हत्या के आरोपी को आजीवन कारावास
घरघोड़ा। (गौरीशंकर गुप्ता) बलात्कार और हत्या के मामले में घरघोड़ा अपर सत्र न्यायालय ने कड़ा रुख अपनाते हुए अभियुक्त राजा चावले को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अपर सत्र न्यायालय के न्यायाधीश श्री अभिषेक शर्मा ने छाल थाना क्षेत्र के इस जघन्य अपराध में आरोपी को दोषी पाते हुए 10-10 साल के कारावास के साथ आजीवन कारावास और आर्थिक दंड का आदेश भी दिया है।
मामले का विवरण:
अपर लोक अभियोजक राजेश सिंह ठाकुर ने बताया कि घटना छाल थाना क्षेत्र के ग्राम कांसाबहार की है। वर्ष 2019 में रात्रि के समय आरोपी राजा चावले ने मृतिका के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। घटना के दौरान साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपी ने धारदार खुखरी से महिला के पेट में प्राणघातक वार कर उसकी हत्या कर दी।
मासूम बच्ची बनी चश्मदीद:
इस दर्दनाक घटना की गवाह मृतिका की छोटी बच्ची बनी। बच्ची ने घटना की पूरी जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद मृतिका के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी छाल ने अपराध क्रमांक 71/2019 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपी राजा चावले के खिलाफ पर्याप्त सबूत एकत्रित किए गए और अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
न्यायालय का फैसला:
माननीय न्यायालय ने सभी साक्ष्य, परीक्षण और दोनों पक्षों के तर्कों को सुनने के बाद आरोपी राजा चावले को दोषी करार दिया। अदालत ने धारा 302 (हत्या) के तहत आजीवन कारावास, धारा 376 (बलात्कार) के तहत 10 साल का कारावास, और धारा 307 (प्राणघातक हमला) के तहत भी 10 साल की सजा सुनाई। इसके साथ ही प्रत्येक धारा के तहत 1000 रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया गया।
मृतिका के परिवार को मुआवजा:
अदालत ने मृतिका के परिजनों को मुआवजा देने की अनुशंसा की है। इस मामले में शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक राजेश ठाकुर ने सफलतापूर्वक पक्ष रखा।
जनता में बढ़ा न्यायपालिका पर विश्वास:
घरघोड़ा न्यायालय के इस सख्त फैसले से जनता में न्यायपालिका के प्रति विश्वास बढ़ा है। आम नागरिकों ने इस सजा का स्वागत किया है और न्यायालय के प्रति आस्था जताई है।













