विज्ञापन दें / सहयोग करें

AAP ने मांगा स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा: 10 करोड़ के रीजेंट खरीदी और मेकाहारा में बनने जा रहे नए भवन के टेंडर पर उठाए सवाल – Raipur News



छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया है कि एक तरफ सरकारी अस्पतालों की पैथोलॉजी लैब निजी एजेंसी को सौंपी जा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ विभाग ने करीब 10 करोड़ रुपए के रीजेंट (खून जांच में इस्तेमाल होने वाले केमिकल) की खरीदी कर दी। पार्टी ने इस पूरे मामले की जांच की मांग करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से इस्तीफा की मांग की है। आज हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सूरज उपाध्याय, प्रदेश अध्यक्ष कर्मचारी विंग विजय कुमार झा और प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने इसी महीने से सरकारी अस्पतालों की पैथोलॉजी लैब का संचालन निजी एजेंसी HLL को सौंपना शुरू किया है। कंपनी को पांच साल का ठेका दिया गया है और नई मशीनें भी लगाई जानी हैं। AAP नेताओं ने सवाल उठाया कि जब विभाग को पहले से पता था कि नई कंपनी अपनी मशीनों के साथ काम करेगी, तो फिर दूसरी कंपनी से 10 करोड़ रुपए के रीजेंट खरीदने की जरूरत क्यों पड़ी। पार्टी ने आरोप लगाया कि इस खरीदी में अधिकारियों की मिलीभगत और भ्रष्टाचार की आशंका है। ‘हमर लैब’ बंद होने से ग्रामीण इलाकों में बढ़ेगी परेशानी AAP नेताओं का दावा है कि प्रदेश के जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित ‘हमर लैब’ को अगले कुछ महीनों में बंद करने की तैयारी है। पार्टी ने कहा कि ऐसा होने पर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को जांच सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ेगा। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के बजाय उन्हें निजी हाथों में सौंपने की दिशा में काम कर रही है। 231 करोड़ के अस्पताल भवन का टेंडर अब तक नहीं पार्टी ने राजधानी के डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल में प्रस्तावित 700 बिस्तरों वाले नए अस्पताल भवन के निर्माण में हो रही देरी को भी मुद्दा बनाया। AAP नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार ने करीब दो साल पहले 231 करोड़ रुपए की लागत से छह मंजिला आधुनिक अस्पताल भवन बनाने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि अंबेडकर अस्पताल प्रदेश का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है, जहां रोज हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। हाल के महीनों में एम्स से भी बड़ी संख्या में मरीज यहां रेफर किए जा रहे हैं। इसके बावजूद अस्पताल में बेड की कमी बनी हुई है और मरीजों को भर्ती व इलाज के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। AAP की प्रमुख मांगें 10 करोड़ रुपए की रीजेंट खरीदी की जांच कराई जाए। 700 बेड वाले नए अस्पताल भवन का टेंडर तत्काल जारी कर निर्माण शुरू किया जाए। टेंडर प्रक्रिया में देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो। अंबेडकर अस्पताल में बेड और स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाई जाएं। हमर लैब को बंद नहीं किया जाए। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से इस्तीफा लिया जाए। AAP नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े इन मुद्दों पर जल्द फैसला नहीं लिया तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन करेगी।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button