घरघोड़ा में पहली बार सांसद कप अंतरराज्यीय रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
9 मई से प्रारंभ होगा महा मुकाबला, देशभर के दिग्गज खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
घरघोड़ा: खेल एवं युवा कल्याण समिति, घरघोड़ा द्वारा स्वर्गीय ओमप्रकाश राठिया (पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव, छत्तीसगढ़ शासन) स्मृति में सांसद कप अंतरराज्यीय रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य प्रतियोगिता की तैयारियां जोरों पर हैं, और नगरवासियों में इसे लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
खेल समिति के अध्यक्ष सोनू सिदार ने बताया कि घरघोड़ा नगर खेल और खिलाड़ियों के लिए प्रसिद्ध रहा है, और अब पहली बार इतनी बड़ी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। नगर के प्रतिष्ठित नागरिकों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए संरक्षक मंडल के रूप में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है। आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिता का विज्ञापन हाईटेक माध्यमों से किया जाएगा और इसे प्रदेशभर में सोशल मीडिया एवं लाइव प्रसारण के जरिए प्रचारित किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि और आमंत्रित हस्तियां
प्रतियोगिता के दौरान छत्तीसगढ़ की कई जानी-मानी हस्तियों की उपस्थिति रहेगी। इनमें प्रमुख रूप से –
- मुख्यमंत्री माननीय विष्णुदेव साय
- उप मुख्यमंत्री अरूण साव
- उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
- वित्त मंत्री ओपी चौधरी
- कृषि मंत्री रामविचार नेताम
- स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल
- उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन
- सीएससीएस के अध्यक्ष प्रभतेज सिंह भाटिया
इसके अलावा अन्य गणमान्य अतिथियों से भी संपर्क किया गया है। रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया को इस आयोजन का मुख्य संरक्षक नियुक्त किया गया है, जिनके मार्गदर्शन में आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की रणनीति बनाई गई है।
33 टीमों के बीच होगा रोमांचक मुकाबला, आकर्षक पुरस्कारों की बरसात
इस अंतरराज्यीय क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 33 टीमें भाग लेंगी, जो रोमांचक मुकाबलों में अपने खेल का प्रदर्शन करेंगी। विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं:
- प्रथम पुरस्कार – ₹1,01,000/-
- द्वितीय पुरस्कार – ₹71,001/-
- मैन ऑफ द सीरीज – ₹11,001/-
- बेस्ट बॉलर एवं बेस्ट फील्डर – ₹5,100/- नगद पुरस्कार
इसके अलावा, दर्शकों और खिलाड़ियों के लिए विभिन्न आकर्षक इनामों की भी व्यवस्था की गई है।
दूधिया रोशनी में मिलेगा क्रिकेट का रोमांच
घरघोड़ा में पहली बार इतने बड़े स्तर पर रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। टूर्नामेंट के दौरान अत्याधुनिक लाइटिंग सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे स्टेडियम में दूधिया रोशनी की छटा बिखरेगी और दर्शकों को रोमांचक मुकाबलों का अनुभव मिलेगा।
इस महाआयोजन को टेनिस बॉल क्रिकेट का ‘अर्ध कुंभ’ माना जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ने जा रहा है। नगरवासियों को इस अनोखे और भव्य आयोजन का बेसब्री से इंतजार है।













