बिलासपुर: छुट्टी के दिन तहसीलदार ने कालोनी में की नापजोख, रहवासियों ने किया विरोध
बिलासपुर के कोनी स्थित कंचन विहार टीएनसी कालोनी में रविवार को राजस्व महकमे की असाधारण सक्रियता देखने को मिली। शासकीय अवकाश के दिन बिलासपुर तहसीलदार प्रकाश साहू पटवारी के साथ नापजोख कराने पहुंचे। इस कार्रवाई पर कालोनीवासियों ने ऐतराज जताते हुए जमकर विरोध किया।
कालोनीवासियों का सीधा आरोप है कि टीएनसी कालोनी के स्वीकृत ले-आउट और नियमों को ताक पर रखकर किसी रसूखदार के लिए अवैध रास्ता निकालने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि कायदे से ऐसे मामलों में नगर निगम, नगर तथा ग्राम निवेश और राजस्व महकमे की संयुक्त टीम को मौके पर पहुंचना चाहिए।
हैरान करने वाली बात यह रही कि तहसीलदार ने नगर निगम को कोई पूर्व सूचना दिए बिना और टीएनसीपी टीम को शामिल किए बगैर ही अकेले नापजोख कराने पहुंच गए। जब रहवासियों ने छुट्टी के दिन एकतरफा कार्रवाई को देखा, तो बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और अधिकारियों को घेर लिया।
नागरिकों ने दो टूक चेतावनी दी कि स्वीकृत ले-आउट और बाउंड्री से किसी भी तरह की छेड़छाड़ कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कालोनी के रास्तों और सीमांकन से जुड़े मामलों में संबंधित विभागों की संयुक्त जांच टीम गठित की जाती है, लेकिन इस मामले में नगर निगम को औपचारिक सूचना तक नहीं दी गई और न ही टीएनसीपी के तकनीकी अधिकारी साथ थे।
रविवार को तहसीलदार का अकेले मौके पर पहुंचना पूरी प्रक्रिया को संदिग्ध बनाता है। कालोनीवासियों ने सवाल उठाया कि जब आम नागरिकों के सीमांकन और फौती नामांतरण के सैकड़ों आवेदन तहसील कार्यालयों में महीनों से धूल फांक रहे हैं, तो एक रसूखदार के लिए रविवार की छुट्टी कुर्बान कर राजस्व अमला फील्ड में क्यों उतर गया।
उन्होंने कहा कि आम आदमी को एक-एक पेशी के लिए भटकना पड़ता है, लेकिन कंचन विहार में विशेष मेहरबानी दिखाई गई। प्रशासन की इस तत्परता पर कालोनीवासियों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं।













