विज्ञापन दें / सहयोग करें

साइबर ठगों ने तीन मामलों में उड़ाए 1.02 करोड़, प्रॉपर्टी डीलर से 92 लाख की ठगी

शहर में साइबर ठग लोगों को लगातार झांसा देकर ठगी कर रहे हैं। अब तक तीन मामलों में ठगों ने करीब 1.02 करोड़ रुपए की ठगी कर ली है। इनमें सबसे बड़ा मामला शंकर नगर में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर विशाल बरड़िया (35) का है, जिनसे 92 लाख रुपए की ठगी हुई। उनकी शिकायत के बाद पुलिस ने 11 लाख रुपए होल्ड कराए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कारोबारी विशाल बरड़िया से ठगों ने ऑनलाइन संपर्क कर शेयर ट्रेडिंग में कम समय में बड़े मुनाफे का झांसा दिया। शुरुआत में उन्होंने जो रकम निवेश की, उस पर प्रॉफिट देकर रकम वापस भी की। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया ग्रुप में जोड़कर अलग-अलग खातों में पैसे जमा कराए गए। उन्होंने 8 अगस्त से 9 सितंबर के बीच करीब 92 लाख रुपए ट्रांसफर किए। कई दिनों के बाद जब रकम और फायदा नहीं मिला, तब उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई।

दूसरे मामले में भाठागांव के वालफोर्ट हाइट्स निवासी रिटायर्ड निजी कंपनी कर्मचारी टी चंद्राकर को एक ठग ने खुद को एचडीएफसी सिक्यूरिटी सेक्शन से जुड़ा बताकर डीमैट अकाउंट खोलने के लिए लिंक भेजा। एक एप भी डाउनलोड कराया गया, जिसमें मुनाफा पीड़ित को दिखता रहा। 9 से 31 अगस्त के बीच अलग-अलग खातों में उसने 9.65 लाख रुपए जमा करा लिए। बाद में ठग ने नए आईपीओ के लिए 35 लाख रुपए और मांगे। पीड़ित ने जब अपनी रकम वापस मांगी, तब ठगी का पता चला।

तीसरे मामले में बीज निगम से सेवानिवृत्त राजकुमार शुक्ल (65) को ठग ने पंजाब नेशनल बैंक का सीनियर मैनेजर बताकर फोन किया। रिटायर्ड कार्ड बनाने का झांसा देकर एचआरएमसी एप डाउनलोड कराया और खाते से एक लाख रुपए निकाल लिए। तीनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।

ऐसी साइबर ठगी से लोगों को बचाने और उन्हें सतर्क करने के लिए प्रदेश स्तर पर साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और साइबर एक्सपर्ट 15 अगस्त से लगातार स्कूल-कॉलेज, दफ्तर और पब्लिक प्लेस में जाकर सभी को जागरूक कर रहे हैं। इसमें सतर्कता के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी भी दी जा रही है। इसके बाद भी साइबर फ्रॉड में लोग लगातार फंस रहे हैं।

साइबर एक्सपर्ट मुकेश चौधरी के अनुसार स्टॉक मार्केट में निवेश करने से पहले सभी बातों को बेहतर तरीके से समझना चाहिए। इसके लिए कई संस्थाओं की ओर से कोर्स भी चलाए जा रहे हैं। इसका फायदा यह होता है कि स्टॉक मार्केट और इसमें निवेश कैसे करना है, इसकी जानकारी मिलती है। इसके साथ ही किस प्लेटफार्म से इनवेस्ट करना है, यह भी पता चलता है।

उन्होंने बताया कि यदि कोई किसी वेबसाइट में जाकर निवेश करने को बोल रहा है, तो पहले who.is में उस वेबसाइट की लिंक को पेस्ट करके उसकी हिस्ट्री जानें। हाल ही में वेबसाइट बनी है तो वह भरोसे के लायक नहीं है। इसी तरह कोई वाट्सएप लिंक से एप डाउनलोड कराता है, तो वह भूलकर भी नहीं करना चाहिए। प्ले स्टोर से ही एप डाउनलोड करें। उसमें भी यह देखें कि इसे कितनों ने डाउनलोड किया है और उसकी रेटिंग क्या है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button