लीलागर पुल की मरम्मत अंतिम चरण में, 15 अगस्त तक हो सकता है शुरू
भास्कर न्यूज | जांजगीर पामगढ़ और बिलासपुर के बीच ग्राम कुटीघाट स्थित लीलागर नदी पर क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। भारी बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए पुल पर कंक्रीटिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब फिनिशिंग, क्योरिंग और सुरक्षा संबंधी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। यदि मौसम अनुकूल रहा तो 15 अगस्त तक पुल पर आवागमन शुरू किया जा सकता है। भारी बारिश के कारण पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद इसे सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया गया था। इसके बाद मरम्मत कार्य शुरू किया गया था। विभाग ने पहले 31 जुलाई तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन लगातार बारिश और तकनीकी कारणों से कार्य निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो सका। अब मुख्य मरम्मत और कंक्रीटिंग का काम पूरा होने के बाद अब तैयारी की जा रही है। पुल बंद रहने से जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को पिछले कई दिनों से लंबा चक्कर लगाकर सफर करना पड़ रहा है। रोजाना आने-जाने वाले कर्मचारी, छात्र, व्यापारी और मरीजों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी।










