रायपुर में पेट्रोल भरवाने गए युवक से मारपीट…VIDEO: 5 आरोपियों ने विवाद के बाद युवक का सिर फोड़ा,पुलिस ने तीन घंटे में पकड़े दो आरोपी – Raipur News
राजधानी रायपुर के पेट्रोल पंप में रविवार को पेट्रोल भरवाने पहुंचे एक युवक पर पांच युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और इसका वीडियो भी सामने आया। वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानिए क्या है पूरा मामला विधानसभा पुलिस के मुताबिक, रायपुर का रहने वाला गुलाम सड्डू स्थित चावला पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान वहां उसकी मुलाकात सड्डू के रहने वाले दो युवकों से हुई। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद आरोपियों ने अपने दोस्तों को फोन कर मौके पर बुला लिया और मिलकर गुलाम के साथ मारपीट कर दी। इस हमले में गुलाम के सिर और हाथ में चोट आई है। हमला करने वाले दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना की जानकारी डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही विधानसभा थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलने के बाद विधानसभा पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां घायल युवक से पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा विधानसभा सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित से संपर्क किया गया है। आरोपियों और पीड़ित की पुरानी रंजिश की जानकारी मिली है। मामलें में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
<










