खारीबहार-गोलीडीह सड़क निर्माण में अनियमितता: ग्रामीणों ने उठाए गुणवत्ता पर सवाल
जशपुर जिले के खारीबहार से गोलीडीह तक 4 करोड़ 23 लाख रुपये की लागत से बन रही सड़क की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा यह निर्माण कार्य अब विवादों में घिरता नजर आ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे भविष्य में इसके टिकाऊपन पर संकट उत्पन्न हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। खास तौर पर सड़क के किनारों पर मुरूम की जगह साधारण मिट्टी भरी जा रही है, जो बारिश में बहने और जल्दी खराब होने की आशंका को जन्म देती है। कुछ स्थानों पर तो केवल मिट्टी डालने तक ही सीमित कर दिया गया है।
सबसे गंभीर बात यह है कि रोलिंग के दौरान सड़क पर पानी नहीं डाला जा रहा, जबकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सुबह और शाम दोनों समय पानी डालकर रोलिंग करना अनिवार्य होता है। बिना पानी के रोलिंग से सड़क की मजबूती प्रभावित होती है, जिससे वह जल्द ही टूट-फूट का शिकार हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में हो रही अनियमितताओं को लेकर कई बार विरोध भी दर्ज कराया, लेकिन अब तक विभाग या ठेकेदार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क जनता की मेहनत की कमाई से बन रही है, और इसकी गुणवत्ता से समझौता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।











