विज्ञापन दें / सहयोग करें

बंगाल-झारखंड के सिस्टम से छत्तीसगढ़ में भारी बारिश; 2 की मौत, 48 घंटे तक अलर्ट

बंगाल और झारखंड में बने निम्न दबाव के कारण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश देखी जा रही है। IMD ने अगले 48 घंटों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

छत्तीसगढ़ में मॉनसून एकबार फिर ऐक्टिव हो गया है। इस बीच पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तरी झारखंड के ऊपर बने निम्न दबाव का छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी व्यापक असर देखने को मिल रहा है। इन वेदर सिस्टम के कारण बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के उत्तर और मध्य क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश देखी गई है। IMD ने आगे 48 घंटों के दौरान जोरदार बारिश की चेतावनी दी है।

भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी है। वहीं मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। IMD ने आम लोगों के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की है। इसमें लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान रायपुर में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इन वेदर सिस्टम का असर

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो पश्चिम बंगाल और उत्तरी झारखंड पर बना हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन लगातार नमी को छत्तीसगढ़ की ओर खींच रहा है। इसके साथ ही मॉनसूनी ट्रफ उत्तर भारत से झारखंड और पश्चिम बंगाल तक एक्टिव है। पूर्वी यूपी और दक्षिण ओडिशा पर भी मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। इन वेदर सिस्टम के कारण छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं।

बिजली गिरने से 4 बच्चे झुलसे, दो की मौत

सूबे में जोरदार बारिश के बीच सरगुजा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 4 बच्चे झुलस गए। इनमें 2 बच्चों की मौत हो गई जबकि दो सगे भाइयों का इलाज जारी है। दोनों की हालत खतरे से बाहर है। उधर, जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा स्थित कर्रा नाला जलाशय का एक हिस्सा लगातार बारिश के कारण बह गया। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने 125 लोगों को सुरक्षित राहत कैंपों में पहुंचाया है।

एनएच-49 पर कई स्थानों पर जलभराव

सूबे में लगातार हो रही बारिश के चलते बिलासपुर जिले में एनएच-49 पर कई स्थानों पर जलभराव हो गया है। वहां सड़क से चार से पांच फुट ऊपर तक पानी बहता देखा गया। वहीं कोटमीसोनार क्षेत्र में लीलागर नदी के पुल के ऊपर पानी आने के कारण मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।

छत्तीसगढ़ में कल औसतन 17.7 मिमी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश के बावजूद एक जून से अब तक औसत मौसमी बारिश सामान्य से 25 फीसदी से कम हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, एक जून से 18 जुलाई तक छत्तीसगढ़ में औसतन 307.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है जो बीते 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत बारिश 375.4 मिमी का 81.8 फीसदी है। शनिवार को छत्तीसगढ़ में औसतन 17.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

बिलासपुर संभाग सबसे आगे

संभागवार बारिश के आंकड़ों में बिलासपुर संभाग सबसे आगे है। छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक 525.4 मिमी बारिश सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में दर्ज की गई है। इसके बाद जांजगीर-चांपा में 441.5 मिमी और बिलासपुर में 383.7 मिमी बारिश हुई है। शनिवार को सबसे अधिक 58.6 मिमी बारिश बिलासपुर में हुई। रायपुर संभाग में महासमुंद में 397.5 मिमी, बलौदाबाजार में 390.3, गरियाबंद में 370.6 मिमी, रायपुर में 367.8 मिमी और धमतरी में 278.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

दंतेवाड़ा 405.5 मिमी के साथ शीर्ष पर

सरगुजा संभाग में बलरामपुर 337.5 मिमी बारिश के साथ सबसे आगे है। इसके अलावा कोरिया में 267.9 मिमी, जशपुर में 267.3 मिमी, एमसीबी में 266.8 मिमी तथा सूरजपुर में 252.5 मिमी वर्षा हुई है। वहीं सरगुजा जिले में अब तक केवल 161 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बस्तर संभाग में दंतेवाड़ा 405.5 मिमी बारिश के साथ शीर्ष पर है। इसके बाद नारायणपुर में 354 मिमी और बीजापुर में 311.8 मिमी बारिश हुई है।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button