सूने मकान से जेवरात उड़ाने वाले आरोपी गिरफ्तार: 24 घंटे में सुलझी चोरी, आरोपियों की निशानदेही पर 3 लाख का ज्वेलरी बरामद – Raipur News
रायपुर के आजाद चौक थाना इलाके में सूने मकान से सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले एक युवक और नाबालिग को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम मोहम्मद बिलाल (19) बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के करीब 3 लाख रुपए कीमत के सभी जेवरात बरामद कर लिए हैं। एक आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया। अब पढ़िए क्या है पूरा मामला पुलिस के अनुसार, हांडीपारा निवासी कांति साहू 5 जुलाई को अपने घर में ताला लगाकर ग्राम नकटी में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। अगले दिन सुबह घर लौटने पर मुख्य दरवाजे और अलमारी के लॉकर का ताला टूटा मिला। घर का सामान बिखरा पड़ा था और लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। शिकायत के बाद आजाद चौक थाने में बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत केस दर्ज किया गया। संयुक्त टीम ने की कार्रवाई घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आजाद चौक थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिरों को सक्रिय किया और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस ने हांडीपारा निवासी मोहम्मद बिलाल (19) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग को भी पकड़ लिया। दोनों की निशानदेही पर चोरी के सभी जेवरात बरामद कर लिए गए। पुलिस के अनुसार, नाबालिग के खिलाफ पहले भी आजाद चौक थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। दोनों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
<











