चरणदास महंत बोले- बस्तर को उजाड़ने की साजिश: बीजापुर में बैज ने कहा- आदिवासियों को रोका जा रहा, उद्योगपतियों को मिल रही छूट – Bijapur News
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने आरोप लगाया कि नक्सलवाद के खत्म होने के बाद अब बस्तर को उजाड़ने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने यह बात मंगलवार को भैरमगढ़ में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में कही। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के ढाई साल पूरे होने के बाद भी चुनावी वादे पूरे नहीं किए गए हैं। उन्होंने आगामी चुनाव में बस्तर की सभी 12 विधानसभा सीटों पर जीत का लक्ष्य तय करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को और सक्रिय बनाने का आह्वान किया। ‘आदिवासियों को रोका जा रहा, उद्योगपतियों को मिल रही छूट’ दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आदिवासियों को तेंदूपत्ता तोड़ने की अनुमति नहीं दे रही, जबकि उद्योगपतियों को खनिज उत्खनन की खुली छूट दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर के जल, जंगल और जमीन की रक्षा सबसे बड़ी चुनौती बन गई है और कांग्रेस जनता के साथ मिलकर इनके संरक्षण के लिए संघर्ष करेगी। ‘बस्तर शांति और भाईचारे की धरती’ : चरणदास महंत नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि बस्तर शांति, प्रेम और भाईचारे की भूमि है। यह क्षेत्र लंबे समय तक संघर्ष और हिंसा का सामना करता रहा है। उन्होंने कहा कि अब बस्तर के विकास और उसके प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है। राहुल गांधी के संदेश का किया जिक्र महंत ने राहुल गांधी के संदेश का उल्लेख करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आदिवासियों, महिलाओं, किसानों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़े रहने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने बोधघाट परियोजना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चर्चा और जनहित में निर्णय लेने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
<













