जज आवास में चोरी का खुलासा,जेवर लेकर दो आरोपी फरार: तीन नाबालिगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार,एसपी कार्यालय के सामने हुई थी चोरी – koriya News
कोरिया जिले में एसपी कार्यालय के सामने स्थित महिला जज के सूने आवास में 9 लाख रुपये के जेवर व अन्य सामानों की चोरों का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से मोबाइल, 2 घड़ियाँ और आईपैड जब्त किया गया है। घटना के दो मुख्य आरोपी फरार हैं, जो सोने व चांदी के जेवर लेकर भागे हैं। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। मामला बैकुंठपुर कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, कोरिया जिला न्यायालय में पदस्थ द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश (वरिष्ठ श्रेणी) प्रेरणा आहिरे के सूने आवास में 4 जून की रात चोरी हो गई थी। वे 24 मई की रात को अपना आवास बंद कर ग्रीष्मकालीन अवकाश पर घर रायपुर गई थीं। मोबाइल से घर में लगे CCTV कैमरे चेक करने पर उन्हें चोरी की जानकारी मिली। CCTV कैमरों की जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जज के घर हुई चोरी की घटना की जांच के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी के कैमरों की जांच की। जांच के दौरान घटनास्थल पर एक सफेद रंग का जैकेट भी पुलिस को मिला था। विवेचना के दौरान पुलिस ने तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया, जिन्होंने ऋषभ यादव उर्फ रिशु और आयुष रजक के साथ जज के बंगले में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के पास से एक नारजो कंपनी का मोबाइल, दो घड़ियां एवं एक टैबलेट जब्त किया गया है। टैबलेट को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट द्वारा जारी किया गया था। मुख्य आरोपी लाखों के गहने लेकर फरार
पुलिस मुख्य आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। आरोपियों के जज के बंगले से करीब 3 लाख रुपए कीमत का सोने और हीरे का ब्रेसलेट, 2.25 लाख रुपए कीमत के सोने के झुमके, करीब 2 लाख रुपए कीमत के सोने के टॉप्स और अंगूठियां सहित चांदी के आभूषणों की चोरी की थी। चोरी के जेवर मुख्य आरोपी लेकर फरार हैं। कोरिया एएसपी सुरेशा चौबे ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगी हैं। जल्द आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
<













