मनेंद्रगढ़ में आज नीट एग्जाम, 811 परीक्षार्थी होंगे शामिल: 3 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा, मेडिकल यूनिट की भी व्यवस्था – Manendragarh-Chirmiri-Bharatpur News
मनेंद्रगढ़ में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही है। एमसीबी जिला मुख्यालय में कुल 811 परीक्षार्थी तीन केंद्रों पर परीक्षा देंगे। सुबह 11 बजे से ही परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए हैं। जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें विवेकानंद कॉलेज में 144 परीक्षार्थी, केंद्रीय विद्यालय मनेंद्रगढ़ में 312 परीक्षार्थी और केंद्रीय विद्यालय झगराखांड में 355 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षा से एक दिन पहले, जिला प्रशासन और नियुक्त प्रभारियों ने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया था। मॉक ड्रिल के जरिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा मॉक ड्रिल के माध्यम से व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया, जिसमें सुरक्षा, निगरानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं। नियमों के अनुसार, परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे को निषेध क्षेत्र घोषित किया गया है। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, एक कंट्रोल रूम और मेडिकल यूनिट की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और सतत निगरानी व्यवस्था जिन कक्षों में परीक्षा होनी है, उन्हें पहले ही सील कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षा की गतिविधियों पर जिला मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा उच्च अधिकारी भी पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं। जिला प्रशासन ने बताया कि नीट परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
<












