कोरिया में पूर्व जनपद उपाध्यक्ष सहित चार को जिंदा जलाया: भाजपा नेता सहित दो की मौत, रेत तस्करी के विवाद पर देर रात वारदात – Ambikapur (Surguja) News
कोरिया जिले में रेत तस्करी के विवाद पर रेत तस्करों से जुड़े लोगों ने पूर्व जनपद उपाध्यक्ष को घर के सामने जिंदा जला दिया। पूर्व जनपद उपाध्यक्ष की फार्च्युनर कार में लोगों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। भागने की कोशिश कर रहे पूर्व जनपद उपाध्यक्ष को लोगों ने पेट्रोल डालकर जला दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना में झुलसे शिक्षक की अंबिकापुर में मौत हो गई हैं। दो झुलसे घायलों को रायपुर रेफर कर दिया गया है। मामला सोनहत थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सोनहत क्षेत्र के नौगई गांव में भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह के रिश्ते में भाई नागेंद्र सिंह के बेटे ने नौगईं में रेत घाट का ठेका लिया था। रेत तस्करी को लेकर उनका भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार से विवाद चल रहा था।
घर के सामने विवाद के बाद जिंदा जलाया
देर रात करीब 12 बजे मनोज त्रिपाठी से जुड़े लोगों ने भाजपा नेता के घर को घेर लिया। विवाद के बाद मनोज त्रिपाठी से जुड़े लोगों ने फार्च्युनर कार के आगे डंफर लगाकर रोका और कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कार में लल्ला सिंह, उनके भाई शिक्षक नागेंद्र सिंह, रायपुर में रहने वाले युवक वीरू सिंह सहित एक अन्य सवार थे। हमलवारों ने उन्हें भागने का मौका नहीं दिया। कार सवार लल्ला सिंह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर उनकी मौत हो गई। कार सवार शिक्षक नागेंद्र सिंह, वीरू सिंह सहित एक अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना पर रात में ही पहुंची पुलिस ने तीनों को तत्काल अंबिकापुर रेफर कर दिया। अंबिकापुर में शिक्षक नागेंद्र सिंह की भी अंबिकापुर में मौत हो गई। वहीं वीरू सिंह एवं एक अन्य को रायपुर रेफर कर दिया। देर रात मौके पर पहुंचे आईजी
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा देर रात ही कोरिया पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह क्षेत्र के प्रभावशाली भाजपा नेताओं में गिने जाते थे और सोनहत क्षेत्र में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती थी। वे पहले पूर्व वित्त मंत्री स्व. रामचंद्र सिंहदेव के करीबी थे, लेकिन विवाद के बाद उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर लिया था। पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। दो दिन पूर्व हुआ था विवाद
देर घाट में दोनों पक्षों के बीच दो दिन पूर्व भी विवाद हुआ था। विवाद के बाद मनोज त्रिपाठी के भाई
निशांत त्रिपाठी ने उत्कर्ष सिंह, लवकुश मयंक सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इनमें लल्ला सिंह एवं उनके भाई के बेटे शामिल हैं। रेत तस्करी को लेकर कल विवाद बढ़ गया, जिसके बाद वारदात हो गई। मनोज त्रिपाठी भाजपा विधायक रेणुका सिंह के करीबी नेता हैं।
<












