रेलवे प्रशासन की बड़ी लापरवाही: पावर हाउस स्टेशन पर पानी का संकट: 5 स्टैंड के सारे नल सूखे, बूंद-बूंद को तरसे लोग
भिलाई के पावर हाउस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने के लिए शुरू की गई अमृत भारत स्टेशन योजना जी का जंजाल बन गई है। स्टेशन विकास के नाम पर …और पढ़ें
नईदुनिया प्रतिनिध, रायपुर। भिलाई: भारतीय रेलवे द्वारा देश के प्रमुख स्टेशनों को आधुनिक बनाने के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना चलाई जा रही है, लेकिन भिलाई के पावर हाउस रेलवे स्टेशन पर यह योजना यात्रियों के लिए सुगमता लाने के बजाय भारी मुसीबत का सबब बन चुकी है। स्टेशन पर चल रहे निर्माण और आधुनिकीकरण के कछुआ गति कार्यों ने यात्रियों की बुनियादी सुविधाओं को भी छीन लिया है। रेल प्रशासन की सुस्ती और निर्माण एजेंसी पर अधिकारियों की कथित मेहरबानी के कारण यात्री इस चिलचिलाती गर्मी में पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं।
एक साल से समस्या उठा रहे यात्री
अमृत भारत योजना के तहत इस स्टेशन का काम शुरू हुए एक साल से भी अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन काम अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि नए निर्माण के नाम पर पुरानी व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है। विशेष रूप से प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर यात्रियों के लिए पीने के पानी की भारी किल्लत हो गई है। रविवार की दोपहर जब तापमान अपने चरम पर था, तब इन प्लेटफार्मों पर ट्रेनों से उतरने वाले और अपनी ट्रेनों का इंतजार करने वाले यात्री पानी के लिए यहां-वहां भटकते और आक्रोशित होते नजर आए।
ग्राउंड जीरो में दिखी किल्लत
ग्राउंड जीरो की स्थिति देखी जाए तो रविवार दोपहर एक बजे प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर एक भी नल चालू हालत में नहीं था। इस रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म को विस्तार देकर करीब 650 मीटर लंबा बना दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए इस प्लेटफार्म पर एक छोर से दूसरे छोर तक पीने के पानी के लिए कुल पांच बड़े स्टैंड बनाए गए हैं। इनमें से दो स्टैंड में तीन-तीन और दो स्टैंड में चार-चार नल लगाए गए हैं, जबकि एक बड़ा वाटर कूलर स्टैंड भी स्थापित है। लेकिन दुखद स्थिति यह है कि इन सभी स्टैंडों के नलों में पानी की एक बूंद भी नहीं आ रही थी।
आरक्षित लाउंज के पास आता है पानी
वहीं दूसरी ओर, प्लेटफार्म नंबर एक की स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं है। इस प्लेटफार्म पर कुल चार वॉटर स्टैंड बने हैं, जिनमें से दुर्ग छोर की तरफ बने दो स्टैंड पूरी तरह बंद पड़े हैं। राहत की बात सिर्फ इतनी है कि आरक्षित लाउंज के पास बने दो स्टैंड चालू हैं, जिनमें से एक में वाटर कूलर लगा हुआ है। पूरे रेलवे स्टेशन पर केवल इसी एक वाटर कूलर के चालू होने के कारण यहां चौबीसों घंटे पानी भरने वालों की भारी भीड़ उमड़ रही है। जैसे ही कोई ट्रेन प्लेटफार्म पर आकर रुकती है, इस एकमात्र वाटर कूलर के सामने पानी लेने के लिए यात्रियों की लंबी और बेकाबू कतारें लग जाती हैं। यात्रियों ने रेल प्रबंधन से तत्काल पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
Source link












