मुख्यमंत्री साय ने बिलासपुर में अटल प्रतिमा का अनावरण किया: बोले-एसपी कार्यालय समेत 26 करोड़ के डेवलपमेंट कार्य होंगे, विकास से बदलेगा शहर का नक्शा – Bilaspur (Chhattisgarh) News
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने 26 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने आमजन को आश्वस्त किया कि तेल और गैस की कोई कमी नहीं होगी, और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। साय ने रविवार रात अरपा नदी के किनारे न्यू रिवर व्यू साइट पर अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से बिलासपुर शहर का स्वरूप बदल जाएगा। मुख्यमंत्री ने बिलासपुर के विकास को शासन की जिम्मेदारी बताया। भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में प्रतिमा स्थापित होगी मुख्यमंत्री ने बताया कि शहर में भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, एसपी कार्यालय भवन का निर्माण सहित कुल 26 करोड़ रुपए के विभिन्न कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने रायपुर में हाल ही में बिलासपुर के विकास को लेकर हुई बैठक का भी जिक्र किया। इस बैठक में विधायकों और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू उपस्थित थे, जहां शहर की विभिन्न योजनाओं और प्रस्तावों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत किए गए सभी वादे पूरे किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा- तेल, गैस की परेशानी नहीं होगी मुख्यमंत्री साय ने अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के वैश्विक प्रभावों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि और प्रभावी विदेश नीति के कारण भारत में तेल और गैस की समस्या का समाधान किया गया है। विभिन्न देशों के साथ लगातार बातचीत जारी है। हाल ही में प्रधानमंत्री ने देश के मुख्यमंत्रियों की बैठक ली, जिसके बाद छत्तीसगढ़ में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जल्द ही एक टोल-फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा ताकि किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके। 1700 करोड़ के पेंडिंग बिजली बिल का समाधान होगा साय ने कहा कि कोरोना काल में घरेलू बिजली और किसानों के बिजली बिलों का करीब 1700 करोड़ का बिल पेंडिंग था। लोग शिकायत करते थे कि जितने का उनका घर नहीं है, उससे कहीं ज्यादा बिजली बिल आ गया है, ऐसी समस्या का समाधान करने के लिए मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना लागू की गई है। नाइट लैंडिंग और टेक ऑफ की सौगात मुख्यमंत्री ने कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, इसी क्रम में नाइट लैंडिंग और टेक ऑफ की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि वह आज रात इसी एयरपोर्ट से टेक ऑफ कर इसकी शुरुआत करेंगे। प्रयागराज और अन्य शहरों के लिए नियमित हवाई सेवा के सवाल पर उन्होंने कहा कि शीघ्र ही यह मांग पूर्ण की जाएगी। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, महापौर पूजा विधानी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह, नगर निगम के सभापति विनोद सोनी, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह आदि उपस्थित थे।
<

.jpg?w=390&resize=390,220&ssl=1)











