किशेरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण शुरू – Balod News
भास्कर न्यूज | बालोद जिला चिकित्सालय में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। यह अभियान कलेक्टर दिव्या मिश्रा के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएल उइके के मार्गदर्शन में प्रारंभ हुआ। जिला चिकित्सालय स्थित मातृ एवं शिशु अस्पताल में 14 वर्षीय बालिका रिया देवदास एवं गार्गी देशमुख को एचपीवी वैक्सीन लगाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार सिंह ने जानकारी दी कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए यह टीका अब जिला अस्पताल में प्रत्येक कार्य दिवस पर उपलब्ध रहेगा। इस अभियान के तहत केवल 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियां पात्र होंगी अर्थात जिन्होंने 14 वर्ष पूर्ण कर लिया हो, लेकिन 15वां जन्मदिन नहीं मनाया हो। इस अवसर पर सीएस डॉ. आरके श्रीमाली, आरसीएच नोडल अधिकारी डॉ. सानू नायक, खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी आरके सोनबाई सहित स्टाफ मौजूद रहे। टीका लगाने के बाद डिजिटल प्रमाण पत्र देंगे आयु प्रमाण के लिए आधार कार्ड या फोटो पहचान पत्र मान्य होगा। यदि पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है, तो माता-पिता द्वारा हस्ताक्षरित शपथ पत्र भी स्वीकार किया जाएगा। टीकाकरण के लिए फिजिकल कंसेंट फॉर्म एवं एज डिक्लेरेशन फॉर्म भरकर यूविन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। टीकाकरण के पश्चात लाभार्थियों को डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
<












