युवक की हत्या के आरोपी दोस्त सहित 4 गिरफ्तार: सरगुजा में शादी में आए युवक को मारा डाला, शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद – Ambikapur (Surguja) News
सरगुजा के पोतका में शादी समारोह में शामिल होने आए युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मृृतक के दोस्त, उसके माता-पिता सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शराब पीने के दौरान मामूली विवाद पर युवक ने अपने दोस्त की डंडे एवं टांगी से वार कर हत्या कर दी और शव को डबरी में फेंक दिया था। मामला उदयपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोतका में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए हनुमानगढ़ निवासी युवक शीतल कुमार (21 वर्ष)अपने साथी टेकराम के साथ बाइक से आया था। शीतल अपने दोस्त पोतका निवासी प्रमोद सिंह के घर बुलावे पर चला गया। घर में प्रमोद सिंह के साथ मिलकर शीतल कुमार ने शराब पी। शराब पीने के दौरान दोनों में विवाद हो गया। डंडा एवं टांगी मारकर कर दी हत्या
विवाद बढ़ने पर आक्रोशित प्रमोद सिंह ने डंडे से शीतल कुमार की पिटाई कर दी एवं घर में रखे टांगी के पासे से शीतल कुमार के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट आने के कारण शीतल कुमार की मौके पर मौत हो गई। शीतल की मौत के बाद प्रमोद सिंह घबरा गया। उसी समय घर में आए अपने डेढ़ साले राजेश कुमार के साथ मिलकर शीतल के शव को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। शीतल के शव को बाइक से लेकर दोनों गांव के बाहर पहुंचे एवं शव को डबरी में डालकर वापस लौट गए। प्रमोद सिंह के पिता बहादुर राम एवं मां पवारो बाई ने मिलकर घर में फैले खून के छींटों को मिटाने के लिए गोबर से घर की लिपाई कर दी। घर में सफाई करने के बाद सभी लोग पोतका में दिनेश कुमार के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल भी हुए। सभी आरोपी गिरफ्तार
युवक का शव मिलने के बाद पुलिस ने प्रमोद सिंह (20 वर्ष) को हिरासत में ले लिया और उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने शीतल कुमार की मामूली विवाद पर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने शव को ठिकाने लगाने में शामिल राजेश कुमार (20 वर्ष) निवासी केवरा, लखनपुर एवं साक्ष्य मिटाने में शामिल माता-पिता, बहादुर राम (42 वर्ष), पवारों (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 238(ए), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया।
उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
<











