पीथमपुर में निकली बाबा कलेश्वरनाथ की शिव बारात: जांजगीर-चांपा में रंगपंचमी पर नागा साधुओं की टोली बनी आकर्षण का केंद्र – janjgir champa News
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पीथमपुर गांव में रंगपंचमी के अवसर पर बाबा कलेश्वरनाथ की शिव बारात निकाली गई। होली के पांचवें दिन यह आयोजन किया गया, जिसमें मंदिर से पंचमुखी भगवान शिव को चांदी की पालकी में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। इस बारात में नागा और वैष्णव साधु बाराती बनकर बैंड, ताशा और डीजे की धुन पर थिरकते हुए शामिल हुए। इस नजारे को देखने के लिए दूर-दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। पीथमपुर गांव जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय से लगभग 9 किलोमीटर दूर हसदेव नदी के किनारे स्थित है। यहां एक स्वयंभू शिवलिंग स्थापित है, जिसे स्थानीय लोग बाबा कलेश्वरनाथ के नाम से पूजते हैं। सावन-महाशिवरात्रि पर मंदिर में भारी भीड़ श्रद्धालु प्रतिदिन भगवान शिव को बेलपत्र, कनेर के फूल और धतूरा अर्पित कर पूजा-अर्चना करते हैं। सावन माह और महाशिवरात्रि पर यहां भारी भीड़ उमड़ती है। मान्यता है कि यहां पूजा करने से पेट संबंधी रोगों से मुक्ति मिलती है, निःसंतान दंपत्तियों को संतान प्राप्ति होती है और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। बाबा कलेश्वरनाथ की पंचमुखी प्रतिमा की पालकी यात्रा रंगपंचमी के अवसर पर पीथमपुर मंदिर से बाबा कलेश्वरनाथ की पंचमुखी प्रतिमा को चांदी की पालकी में विराजमान कर शिव बारात निकाली गई। श्रद्धालुओं ने पालकी को कंधों पर उठाकर मेला परिसर में घुमाया। बारात में नागा साधुओं की टोली ने गाजे-बाजे की धुन पर करतब और शक्ति प्रदर्शन किया, जो लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। वैष्णव साधु और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी बारात में शामिल होकर रंग-गुलाल खेलते हुए हसदेव नदी तट तक पहुंचे। यहां नागा साधुओं ने शाही स्नान किया। इसके बाद शिव जी की पंचमुखी प्रतिमा को मंदिर परिसर में पुनः स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। रंगपंचमी के साथ ही पीथमपुर में 15 दिवसीय मेले की भी शुरुआत होती है। आस्था और परंपरा से जुड़ी इस अनूठी शिव बारात को देखने के लिए हर वर्ष हजारों श्रद्धालु पीथमपुर पहुंचते हैं और पूरे उत्साह के साथ रंगपंचमी का पर्व मनाते हैं।
<










