हरियाणा में माओवादी नेटवर्क खड़ा कर रहे बस्तर के युवक को एनआईए ने पकड़ा, NRB को कर रहा था सक्रिय
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने बस्तर के एक सक्रिय माओवादी को हरियाणा के रोहकत से गिरफ्तार किया है। प्रियांशु माओवादियों के नार्थ रीजनल ब्यूरो (एनआरबी) को पुनः सक्रिय करने की रणनीति में शामिल था। गिरफ्तार युवक के पास से माओवादी गतिविधियों से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए।
By Animesh Paul
Publish Date: Fri, 01 Aug 2025 11:29:18 AM (IST)
Updated Date: Fri, 01 Aug 2025 11:43:56 AM (IST)
HighLights
- बस्तर का माओवादी युवक हरियाणा से गिरफ्तार
- रोहतक में माओवादियों की एरिया कमेटी का प्रभारी
- नार्थ रीजनल ब्यूरो को सक्रिय करने की रणनीति थी
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने हरियाणा के रोहतक से एक सक्रिय माओवादी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रियांशु कश्यप के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ के माओवादी प्रभावित बस्तर जिले के दरभा क्षेत्र का मूल निवासी है।
जानकारी के अनुसार, वह दिल्ली में पढ़ाई के लिए गया था और वर्तमान में रोहतक में रह रहा था। एनआइए के अनुसार, वह प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) का सदस्य है और उत्तर भारत में माओवादी नेटवर्क को पुनः सक्रिय करने की योजना में जुटा था।
आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद
एनआईए ने बताया कि प्रियांशु, रोहतक क्षेत्र में माओवादियों की एरिया कमेटी का प्रभारी था और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को संगठित करने का प्रयास कर रहा था। बुधवार को हरियाणा पुलिस से मिली सूचना के आधार पर एनआईए ने उसे गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन, टैबलेट, दो मेमोरी कार्ड, एक सिम कार्ड और माओवादी गतिविधियों से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए।
नार्थ रीजनल ब्यूरो को कर रहा था सक्रिय
जांच में खुलासा हुआ है कि प्रियांशु माओवादियों के नार्थ रीजनल ब्यूरो (एनआरबी) को पुनः सक्रिय करने की रणनीति में शामिल था। यह ब्यूरो उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में प्रभाव बढ़ाने की कोशिश में था। एनआईए ने इससे पहले इसी नेटवर्क से जुड़े अजय सिंघल उर्फ अमन (हरियाणा) और विशाल सिंह (पंजाब) को भी गिरफ्तार किया था।
Source link













