विज्ञापन दें / सहयोग करें

छत्तीसगढ़ में शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण तेज़ी से जारी, 16 जिलों में काउंसलिंग पूर्ण — 4456 शिक्षकों को मिली नवीन पदस्थापना

रायपुर — छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए किए जा रहे युक्तियुक्तकरण (तर्कसंगत समायोजन) के तहत राज्य के 16 जिलों में अतिशेष शिक्षकों की काउंसलिंग प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत 4456 से अधिक सहायक शिक्षक, प्रधानपाठक और व्याख्याता वर्ग के शिक्षकों को नवीन पदस्थापना प्रदान की गई है।

यह काउंसलिंग जिला कलेक्टरों की मौजूदगी में पारदर्शी प्रक्रिया के तहत संपन्न हुई, जिसमें शिक्षकों को रिक्त स्थानों में से अपनी पसंद के विद्यालयों का चयन करने का अवसर दिया गया। कोरबा, सुकमा, महासमुंद, गरियाबंद, बलौदाबाजार, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सक्ति, जशपुर, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बीजापुर और सूरजपुर जैसे जिलों में यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि अन्य जिलों में काउंसलिंग कार्य जारी है।


केवल 166 स्कूल होंगे समायोजित, 10,297 स्कूल पूरी तरह संचालित रहेंगे

राज्य के कुल 10,463 स्कूलों में से केवल 166 स्कूलों का समायोजन किया जाएगा। इनमें से 133 स्कूल ग्रामीण क्षेत्रों के हैं जहाँ छात्रों की संख्या 10 से कम है और एक किलोमीटर के भीतर दूसरा स्कूल संचालित हो रहा है। वहीं शहरी क्षेत्रों के 33 स्कूलों में छात्र संख्या 30 से कम है और 500 मीटर के भीतर दूसरा विकल्प उपलब्ध है। इन स्कूलों का समायोजन बच्चों की पढ़ाई प्रभावित किए बिना किया जाएगा।

शेष 10,297 स्कूल यथावत संचालित रहेंगे, जिनमें केवल प्रशासनिक और शैक्षणिक समायोजन किया जा रहा है। समायोजित स्कूलों के भवनों का उपयोग पहले की तरह जारी रहेगा और आवश्यकता अनुसार वहाँ शिक्षक भी उपलब्ध कराए जाएंगे।


उद्देश्य: शिक्षा की गुणवत्ता और संसाधनों का बेहतर उपयोग

छत्तीसगढ़ सरकार का यह कदम सिर्फ प्रशासनिक नहीं, बल्कि एक रणनीतिक शिक्षा सुधार की दिशा में बड़ा प्रयास है। राज्य सरकार का मानना है कि जहाँ आवश्यकता अधिक है, वहाँ शिक्षकों और संसाधनों की तैनाती सुनिश्चित होनी चाहिए। कम छात्रसंख्या वाले स्कूलों को पास के अधिक संसाधनयुक्त स्कूलों के साथ समायोजित कर छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, विशेषज्ञ शिक्षक, लाइब्रेरी, लैब और डिजिटल सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।

इससे न केवल बच्चों को विषय के अनुरूप शिक्षक मिलेंगे, बल्कि गुणवत्ता युक्त और समान शिक्षा के अवसर भी सुलभ होंगे। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर बेहतर होने की उम्मीद है।


“प्रशासनिक सुधार नहीं, भावी पीढ़ी के लिए नींव निर्माण है”

राज्य सरकार की मंशा स्पष्ट है कि हर बच्चे को गुणवत्ता युक्त शिक्षा मिले, और शिक्षकों की तैनाती केवल संख्या नहीं, आवश्यकता के आधार पर हो। शिक्षा विभाग का मानना है कि यह युक्तियुक्तकरण आने वाली पीढ़ी की नींव मजबूत करने वाला एक ठोस कदम है।

यह प्रक्रिया आगे भी पारदर्शिता, वरिष्ठता और आवश्यकता आधारित तरीके से अन्य जिलों में जारी रहेगी। राज्य सरकार और शिक्षा विभाग यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि इस बदलाव से कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।


सच आप तक | रायपुर

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button