पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में मुस्लिम समाज ने निकाली रैली, फूंका पाकिस्तान का पुतला
"पाकिस्तान मुर्दाबाद" के नारों से गूंजा शहर
जशपुर। कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ शुक्रवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने एकजुट होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जुमे की नमाज़ के बाद जामा मस्जिद से रैली निकाली गई, जो शहर के आदर्श बस स्टैंड तक पहुँची। रैली के दौरान लोगों ने आतंकवाद और पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए और पोस्टरों के माध्यम से अपना आक्रोश व्यक्त किया। बस स्टैंड पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान और आतंकवाद का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
इस मौके पर मौलाना मंसूर आलम ने मीडिया से चर्चा करते हुए पहलगाम हमले की तीव्र निंदा की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान समर्थित आतंकी धर्म के नाम पर ज़हर फैलाकर देश की एकता और शांति को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं, लेकिन उनके मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार आतंकियों के खिलाफ जो भी सख्त कदम उठाएगी, मुस्लिम समाज उसका पूरा समर्थन करेगा।
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच छत्तीसगढ़ प्रांत के सह-संयोजक एवं पार्षद फैज़ान सरवर खान ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा, “यह कायराना हमला न केवल इंसानियत बल्कि देश की अखंडता पर भी हमला है। मुस्लिम समाज ने आतंकवाद का पुतला फूंक कर यह स्पष्ट कर दिया है कि उसका ऐसे किसी भी हिंसक विचारधारा से कोई संबंध नहीं है। इस्लाम शांति और मानवता का धर्म है, जो निर्दोष की हत्या को संपूर्ण मानवता की हत्या मानता है। आतंकवाद का कोई मजहब नहीं होता।”
उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से दोषियों को कठोर सजा देने की मांग की। साथ ही देशवासियों से अपील की कि वे इस कठिन समय में एकजुट रहें और किसी भी प्रकार की नफरत फैलाने वाली अफवाहों से बचें।
इस विरोध रैली और पुतला दहन कार्यक्रम में मौलाना मंसूर आलम, सदर महबूब अंसारी, सचिव कलीमुल्लाह मलिक, फैज़ान सरवर खान, शब्बू कुरैशी, अमानुल्लाह मलिक, प्यार मोहम्मद खान, तनवीर कुरैशी, इरफान आलम, इमरान आलम, सरफराज आलम, शकील खान, मोबीन खान, हाफिज जन्नत कौसर, पप्पू मलिक, अनवर खान, तसव्वर अंसारी, शोएब खान, राज अंसारी, बेलाल अंसारी, जावेद अंसारी सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।













.jpg?w=390&resize=390,220&ssl=1)