धमतरी में 8 जुआरी गिरफ्तार,4.20 लाख का माल जब्त: टॉर्च की रोशनी में खेल रहे थे जुआ, पुलिस ने स्टॉप डेम के पास घेरकर पकड़ा – Dhamtari News
छत्तीसगढ़ के धमतरी में पुलिस ने जुआ खेलते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन जुआरियों में धमतरी और अन्य जिलों के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 4 लाख 20 हजार रुपए का माल जब्त किया है, जिसमें नकदी, छह मोटरसाइकिलें, एक स्कूटी, एक टीवीएस एक्सएल और आठ मोबाइल फोन शामिल हैं। यह कार्रवाई धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में की गई। रात्रि गश्त के दौरान पेट्रोलिंग पार्टी को सूचना मिली थी कि ग्राम सेमरा बी के श्मशान घाट के आगे स्टॉप डेम के पास जुए का फड़ सजा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। टॉर्च की रोशनी में जुआ खेलते हुए पकड़े गए पुलिस को देखकर कुछ जुआरी मौके से भागने में सफल रहे, जबकि कुछ जुआरी मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में जुआ खेलते हुए पकड़े गए। पुलिस ने पकड़े गए जुआरियों से पूछताछ की, जिसके बाद उनके नाम-पते सामने आए। गिरफ्तार किए गए जुआरियों में ग्राम सेमरा निवासी लोकेश कुमार सिन्हा (40 वर्ष), मयंक सिन्हा (25 वर्ष), भूपेश्वर सिन्हा (29 वर्ष) और हसन खान (38 वर्ष) शामिल हैं। अन्य जुआरियों में ग्राम सिलघट निवासी छबि सोनकर (34 वर्ष), ग्राम सुपेला निवासी राजू साहू (31 वर्ष), तथा कौही थाना रानीतराई निवासी कमलेश सोनकर (38 वर्ष) और राजेश साहू (36 वर्ष) शामिल हैं। जुआरियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत हुई कार्रवाई सभी गिरफ्तार जुआरियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कुल 4 लाख 20 हजार रुपये का माल जब्त किया है, जिसमें नकदी, 6 मोटरसाइकिलें, 1 हीरो मेस्ट्रो स्कूटी, 1 टीवीएस एक्सएल और 8 मोबाइल फोन शामिल हैं।
<












